क्रिकेट

जहां सीखा क्रिकेट का ककहरा वहीं रचा इतिहास, IPL के पहले 7 हजारी बने विराट

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 6, 2023, 09:38 PM IST

विराट कोहली ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल में 7 हजार रन पूरे कर लिए। वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।

Image

विराट कोहली (साभार IPL/BCCI)

Virat Kohli, 7000 Runs in IPL: आरसीबी की ओर से आईपीएल में खेलने वाले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को अपनी जन्मभूमि दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। आरसीबी के लिए पारी की शुरुआत करने आए विराट कोहली ने जैसे ही दूसरे ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर चौका जड़ा वो आईपीएल इतिहास में 7 हजार रन के आंकड़े को छूने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। विराट कोहली दिल्ली के खिलाफ 46 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हुए।

233वें मैच में पूरे किए सात हजार रन

विराट कोहली ने ये उपलब्धि आईपीएल करियर के 233वें मैच में हासिल की। उनके नाम खबर लिखे जाने तक 234 मैच में 7,018* रन दर्ज हो गए हैं। उन्होंने ये रन 36.74 के औसत से और 129.53 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। जिसमें 5 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। 113 रन उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। साल 2008 में आरसीबी के लिए खेलते हुए आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले विराट को इस मुकाम तक पहुंचने में 16 सीजन का वक्त लगा है। विराट के नाम पहले ही आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने ये उपलब्धि एक टीम के लिए खेलते हुए हासिल की है। ऐसे में इसे सोने पे सुहागा कहा जा सकता है।

दिल्ली के खिलाफ पूरे किए एक हजार रन

विराट कोहली ने अपनी आईपीएल 2023 की छठी अर्धशतकीय पारी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक हजार रन भी पूरे कर लिए। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस मुकाम पर पहुंचने वाले विराट कोहली पहले खिलाड़ी हैं। उनसे पहले और कोई खिलाड़ी दिल्ली के खिलाफ ऐसा नहीं कर सका।

आईपीएल 2023 में जमकर बोल रहा है बल्ला

विराट कोहली का बल्ला मौजूदा आईपीएल में जमकर बोल रहा है। वो शानदार फॉर्म का फायदा उठाकर लगातार रन बना रहे हैं। अबतक खेले 10 मैच की 10 पारियों में वो एक बार नाबाद रहते हुए 419 रन 46.56 के औसत औक 135.16 के स्ट्राइक रेट से बना चुके हैं। जिसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं। जिसमें नाबाद 82* रन उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

पूरा किया अर्धशतकों का पचासा

विराट कोहली ने आईपीएल 2023 में अपना छठा अर्धशतक पूरा करते ही आईपीएल में अर्धशतकों का अर्धशतक पूरा कर लिया। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय हैं। उनके नाम आईपीएल में 234 मैच की 225 पारियों में 5 शतक और 50 अर्धशतक दर्ज हो गए हैं। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम दर्ज है। उन्होंने 59 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं इस सूची में तीसरे पायदान पर 49 अर्धशतक के साथ शिखर धवन हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article