क्रिकेट

Virat Kohli vs Gautam Gambhir Fight: मैच खत्म होने के बाद मैदान पर कोहली और गंभीर क्यों भिड़े, ये थी वजह

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 2, 2023, 01:32 AM IST

TATA IPl 2023, LSG vs RCB, Virat Kohli vs Gautam Gambhir Fight: आईपीएल के 43वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को उसके मैदान पर 18 रन से हराया। इसके साथ ही बेंगलाेर ने लखनऊ से अपने हार का भी बदला ले लिया। मैच के खत्म होने के बाद आरसीबी के विराट कोहली और एलएसजी के मेंटोर गौतम गंभीर आपस में उलझ गए।

Image

विराट कोहली को रोकते हुए लखनऊ के खिलाड़ी। (फोटो - जियो सिनेमा)

KEY HIGHLIGHTS
  • विराट-गंभीर विवाद
  • लखनऊ के मैदान पर हुई कहासुनी
  • नवीन उल हक से भी विराट की कहासुनी हुई

Virat Kohli vs Gautam Gambhir Fight: आईपीएल के 43वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 18 रन से मात दी। इस जीत के बाद बेंगलोर के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली सहित अन्य खिलाड़ी जश्न मना रहे थे, लेकिन इस बीच मैदान का माहौल गर्म हो गया। मैदान पर मौजूद लाग कुछ देर के लिए समझ नहीं पाए कि आखिरकार हुआ क्या है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और लखनऊ के मेंटोर गौतम गंभीर दोनों मैदान पर ही भिड़ते नजर आए। इसके बाद दोनों के बीच बचाव में खिलाड़ी और स्टाफ सदस्य को आना पड़ा। इस लड़ाई के पीछे की वजह क्या थी, हम आपको बताते हैं।

दरअसल, मैच में जब लखनऊ की पारी अंतिम पड़ाव पर थी और लखनऊ के अफगानी खिलाड़ी नवीन उल हक आउट होकर पवेलियन लौट रहे थे, तभी विराट कोहली ने अंपायर की ओर इशारा करते हुए कुछ कहा या शिकायत दर्ज कराई, तभी लौट रहे नवीन उल हक ने विराट से दूर से कुछ कहा और फिर दोनों आमने-सामने आ गए जिसमें नवीन और विराट के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विराट को ये बात अच्छी नहीं लगी और उन्होंने इस बात को अंपायर और लखनऊ के बल्लेबाज अमित मिश्रा से भी कहा। विराट का कहना था कि उन्होंने नवीन को सीधे कुछ नहीं कहा था फिर भी वो उन पर क्यों भड़के।

इसके बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में हाथ मिलाने की परंपरा निभा रहे थे तब एक बार फिर नवीन और विराट आमने-सामने आए और यहां भी एक दूसरे में कहासुनी शुरू हो गई। धीरे-धीरे माहौल गर्माने लगा। तभी लखनऊ के कप्तान केएल राहुल से बातचीत के दौरान विराट ने गंभीर को सामने देखा और उनकी तरफ बात करने के लिए आगे बढ़े। लेकिन दोनों की इस बातचीत में गर्माहट देखकर सबने इन दोनों को अलग करना ही बेहतर समझा। इसके बाद विराट एक किनारे जाने लगे, तभी लखनऊ के कैरेबियाई बल्लेबाज काइल मेयर्स विराट से कुछ कहने आए, तो गंभीर ने उनको वहां से खींच लिया।

राहुल ने गंभीर को कई बार रोका

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियों में साफ दिख रहा है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल अपने टीम के मेंटर गंभीर को कई बार रोकते दिखे, लेकिन इसके बाद भी गंभीर कोहली की ओर आगे बढ़ रहे। कोहली के पास जाने के बाद दोनों आपस में चर्चा कर नजर आए। इसके बाद लखनऊ के खिलाड़ी अमित मिश्रा और कोच विजय दहिया दोनों को अलग करते हुए दिखे।

आरसीबी ने दर्ज की जीत, लिया बदला

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने जीत दर्ज की। इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलोर ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। विराट कोहली ने 31 रन, जबकि कप्तान फॉफ डु प्लेसिस ने 44 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में खेलने उतरी लखनऊ की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक गेंद शेष रहते हुए 108 रन पर ऑलआउट हो गई। कृष्णप्पा गौतम ने सबसे ज्यादा 23 रन बनाए। बेंगलोर के कर्ण शर्मा और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट चटकाए। ये किसी बदले जैसा ही था क्योंकि इससे पहले जब बेंगलुरू में करीबी मुकाबले में लखनऊ ने बैंगलोर को हराया था तो लखनऊ के खिलाड़ियों और गौतम गंभीर ने मैदान पर जोर-शोर से जश्न मनाया था।

कोहली-गंभीर के बीच विवाद नया नहीं

विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच मैदान पर पहली बार विवाद नहीं हुआ है। इन दोनों का विवाद से पुराना नाता है। आईपीएल 2013 की बात है, जब कोहली बेंगलोर के और गंभीर कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्ताना हुआ करते थे। एक मैच के दौरान कोहली आउट होने के वापस पवेलियन जा रहे थे, लेकिन इस बीच गंभीर के साथ मैदान पर ही उनका विवाद हो गया। इस दौरान भी खिलाड़ियों को आकर बीच बचाव करना पड़ा था।
शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article