क्रिकेट

Shubman Gill: ये आईपीएल नहीं भूलेंगे शुभमन गिल, रच दिया है नया इतिहास

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated May 30, 2023, 08:00 AM IST

Shubman Gill, IPL 2023: आईपीएल 2023 में वैसे तो कई खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा रहा जिसने वो कमाल किया जो 16 साल के आईपीएल इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। बेशक उन्होंने इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाए और ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया लेकिन इसी के साथ जुड़ा एक और खास रिकॉर्ड।

Image

शुभमन गिल (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023 में शुभमन गिल ने रचा इतिहास
  • 16वें सीजन में सबसे ज्यादा रन शुभमन के नाम
  • इसके साथ-साथ रुतुराज गायकवाड़ का रिकॉर्ड भी तोड़ा

Shubman Gill IPL Record: स्टार भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल के लिए 2023 एक ऐसा सुनहरा साल साबित हो रहा है जिसे वो कभी भूल नहीं सकेंगे और ना ही विरोधी गेंदबाज कभी भूल पाएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक, इस युवा बल्लेबाज ने धमाकेदार प्रदर्शन किया और एक के बाद एक शतकों की झड़ी लगाई है फिर चाहे वो कोई भी फॉर्मेट हो, कोई भी मैदान हो। अब शुभमन गिल ने आईपीएल 2023 में भी इतिहास रच दिया है। जी हां, उन्होंने इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाकर ओरेंज कैप अपने नाम की है, लेकिन इसके अलावा भी एक रिकॉर्ड बनाया है।

शुभमन गिल ने आईपीएल 2023 के फाइनल में 39 रन बनाए और उन्होंने अपने आईपीएल 2023 का अंत 890 रनों के साथ किया। उन्होंने 17 मैचों में 59.33 की औसत और 157.80 की स्ट्राइक रेट से 890 रन बनाए। शुभमन गिल का सर्वाधिक स्कोर 129 रन की पारी रहा जो उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में बनाया।

इसके साथ ही उन्होंने सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए ओरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया। शुभमन गिल ने इसी के साथ दो खास रिकॉर्ड बना डाले हैं। एक रिकॉर्ड है- वो आईपीएल इतिहास में ओरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। शुभमन इस समय 23 साल के हैं। उन्होंने इस मामले में रुतुराज गायकवाड़ को पीछे छोड़ा है जिन्होंने 24 साल की उम्र में ओरेंज कैप जीती थी। दिलचस्प बात ये है कि रुतुराज ने भी फाफ डुप्लेसिस को पीछे छोड़ते हुए ये कमाल किया था और शुभमन गिल ने भी।

इसके अलावा शुभमन गिल अब एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। अब वो सिर्फ विराट कोहली से पीछे हैं। विराट कोहली ने आईपीएल 2016 में 973 रन बनाए थे। शुभमन गिल 890 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article