क्रिकेट

IPL 2023: रोहित शर्मा ने की गौतम गंभीर के शर्मनाक कप्तानी रिकॉर्ड की बराबरी, बने सबसे ज्यादा बार अंडा देने वाले खिलाड़ी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 3, 2023, 10:25 PM IST

रोहित शर्मा ने आईपीएल इतिहास को दो शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी बुधवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मोहाली में खेले गए मुकाबले में कर ली। वो बतौर कप्तान और बतौर खिलाड़ी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा अंडा देने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

Image

पंजाब किंग्स के खिलाफ आउट होने के बाद निराश रोहित शर्मा(साभार IPL/BCCI)

Most Ducks as Player and captain in IPL: मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा बुधवार को मोहाली में 200वीं बार मुंबई इंडियन्स की जर्सी पहनकर मैदान में मैच खेलने उतरे। मुंबई के लिए मैचों का दोहरे शतक को रोहित यादगार नहीं बना सके। टॉस जीतकर उन्होंने पहले फील्डिंग का फैसला किया जिसे पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 214 रन का स्कोर खड़ा करके गलत साबित कर दिया। इसके बाद जब मुंबई की टीम लक्ष्य की पीछा करने उतरी तो कप्तान रोहित शर्मा पारी की तीसरी ही गेंद पर खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए।

आईपीएल में सबसे ज्यादा बार अंडा देने वाले कप्तान

ऋषि धवन की गेंद पर रोहित ने थर्ड मैन की दिशा में छक्का जड़ने की नाकाम कोशिश की। वो डीप थर्ड मैन बाउंड्री पर मैथ्यू शॉर्ट की गेंद पर लपके गए। रोहित ने 2 गेंद का सामना किया और बगैर खाता खोले वापस पवेलियन लौट गए। इसके साथ ही उनके नाम आईपीएल इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड साझा रूप से दर्ज हो गया।

गौतम गंभीर के शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी

10वीं बार मुंबई इंडियन्स की कप्तानी करते हुए रोहित अपना खाता नहीं खोल सके। इसके साथ ही वो गौतम गंभीर के साथ आईपीएल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा बार अंडा देने वाले कप्तान बन गए। कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए गौतम गंभीर भी 10 बार अपना खाता नहीं खोल सके थे। इस सूची में दूसरे पायदान पर साझा रूप से ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट और शेन वॉर्न काबिज हैं। दोनों 7-7 बार कप्तानी करते हुए अपना खाता नहीं खोले बगैर पवेलियन वापस लौट गए थे। इस सूची में तीसरे नंबर पर विराट कोहली 6 शून्य के साथ हैं।

आईपीएल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले प्लेयर

रोहित शर्मा इसके साथ ही आईपीएल इतिहास में साझा रूप से सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने आईपीएल में सबसे ज्यादा बार अंडा देने वाले खिलाड़ियों दिनेश कार्तिक, सुनील नरेन, मनदीप सिंह की बराबरी कर ली है। सभी के नाम आईपीएल में 15-15 डक दर्ज हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article