क्रिकेट

IPL 2023: गुजरात के खिलाफ जीती मुंबई, लेकिन राशिद खान ने रिकॉर्ड तोड़ पारी से लूटी महफिल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 13, 2023, 12:03 AM IST

राशिद खान ने शुक्रवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी के दौरान कहर बरपाते हुए महफिल जीत ली। उन्होंने आठवें पायदान पर 32 गेंद में 79 रन की नाबाद पारी खेलकर गुजरात को शर्मनाक हार से बचा लिया।

Image

राशिद खान(साभार IPL/BCCI)

Rashid Khan, Record Fifty: इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन में शुक्रवार को मुंबई इंडियन्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेले गए मुकाबले में मेजबान मुंबई ने सूर्यकुमार यादव की नाबाद 103* रन आतिशी शतकीय पारी की बदौलत 8 विकेट पर 218 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में गुजरात की टीम खराब शुरुआत से उबरने के बाद आठवें पायदान पर बल्लेबाजी करने उतरे राशिद खान ने बल्ले से कहर परपा दिया।

राशिद ने लूटी महफिल, पारी में जड़े 10 छक्के

राशिद 32 गेंद पर 79 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के जड़े। उन्होंने इस पारी के दौरान सूर्यकुमार के आतिशी शतक की चमक फीकी कर दी। भले ही वो अपनी इस पारी के बल पर गुजरात को जीत दिलाने में नाकाम रहे लेकिन अपने बल्ले के दम पर उन्होंने मुंबई के घरेलू प्रशंसकों के दिल जरूर जीत लिए। पारी के दौरान पूरा स्टेडियम राशिद के लिए चीयर कर रहा था। वो दुर्भाग्यशाली रहे कि चार विकेट लेने और 79 रन की आतिशी पारी खेलने के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच नहीं चुना गया।

आतिशी अंदाज में जड़ा आईपीएल में पहला अर्धशतक

आठवें पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए राशिद ने 21 गेंद में 3 चौके और 6 छक्कों की मदद से आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक मुंबई इंडियन्स के गेंदबाजों के छक्के छुड़ाते हुए जड़ा। इसके बाद जब वो पवेलियन वापस आठवें पायदान पर सबसे बड़ी टी20 पारी खेलने वाले बल्लेबाज बनकर लौटे। यह टी20 क्रिकेट में राशिद का दूसरा अर्धशतक और सबसे बड़ी पारी है।

अल्जारी जोसेफ के की नौवें विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी

राशिद खान 13वें ओवर में 100 के स्कोर पर डेविड मिलर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। उनके पिच पर उतरते ही अगली ही गेंद पर राहुल तेवतिया भी आउट होकर पवेलियन लौट गए। ऐसे में पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर उन्होंने आतिशी बल्लेबाजी की और मुंबई के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। राशिद ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए नौवें विकेट किए अल्जारी जोसेफ के साथ 24 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इस साझेदारी में राशिद ने 45 और अल्जारी ने 7 रन का योगदान दिया। अंत में दोनों 40 गेंद में 88 रन की नाबाद साझेदारी करके पवेलियन वापस लौटे।

गेंदबाजी में चटकाए चार विकेट

राशिद खान ने इससे पहले गेंदबाजी करते हुए मुंबई के टॉप ऑर्डर को ढेर कर दिया। राशिद ने मैच में 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट चटकाए और ऑरेंज कैप पर कब्जा भी कर लिया। यह राशिद का सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। राशिद के आईपीएल 2023 में विकेटों की संख्या 12 मैच में 23 हो गई है। वो दूसरे पायदान पर काबिज युजवेंद्र चहल से 2 विकेट आगे निकल गए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article