IPL 2023, Mumbai Indians vs Kolkata Knight Riders: आईपीएल के 16वें संस्करण में रविवार (16 अप्रैल, 2023) को रिकॉर्ड सेंचुरी जड़ने वाले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के प्लेयर वेंकटेश अय्यर बाजीगर बनकर उभरे। ऐसा इसलिए क्योंकि मैच में कोलकाता की हार के बाद भी वह मैन ऑफ द मैच चुने गए।
प्लेयर ऑफ द मैच/मैन ऑफ द मैच चुने जाने के बाद अय्यर ने कहा- अगर हम जीतते तो उससे मुझे बड़ी खुशी होती। फिर भी मैं अपने प्रयास से खुश हूं। टीम मैनेजमेंट ने मुझे यही भूमिका दी है और उन्हें चुकाना मेरा काम है। जाहिर तौर पर यह बैटिंग के लिए कमाल की पिच थी। एक बार जब आप 30-40 रन बना लेते हैं तो रन बनाना आसान हो जाता है।
बकौल अय्यर, "सैकड़ा जड़कर वास्तव में अच्छा लगा। उनके (मुंबई) नए गेंदबाज, दोनों ही स्विंग बॉलर्स हैं और एक बार जब आप उन्हें जमने देते हैं तो मुश्किल हो जाती है। ऐसे में मैं उन्हें बसने नहीं देना चाहता था। एक बार जब स्विंग चली जाती है तो उन्हें खेलना आसान हो जाता है। एक बार जब आप टीम के लिए कुछ कर रहे होते हैं तो आप सारे दर्द भूल जाते हैं।"
वह आगे बोले कि पिच वाकई में बहुत अच्छी थी और मैं वहां आनंद ले रहा था। आखिर में मुझे लगता है कि हमने 15-20 रन कम बनाए और जिस तरह से मुंबई चल रही थी, वे इसे दूसरे ओवर में बना सकते थे लेकिन हां, हम थोड़े कम (पीछे) थे।
MI vs KKR में कैसी रहा अय्यर का प्रदर्शन? देखें, क्या कहता है डेटाः
- बॉल्स - 51
- रन - 104
- चौके - छह
- छक्के - नौ
- स्ट्राइक रेट - 203.92
- आउट कैसे हुए? - रिले मेरेडिथ की बॉल पर डुअन जैनसन ने कैच लिया।
