कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बचे हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र के लिए शुक्रवार को आर्या देसाई को शामिल किया। देसाई घरेलू क्रिकेट में गुजरात का प्रतिनिधित्व करते हैं, वह तीन प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं और उनके नाम 151 रन है। केकेआर ने 20 साल के इस खिलाड़ी को 20 लाख रुपये में टीम से जोड़ा। देसाई ने जनवरी में प्रथम श्रेणी पदार्पण किया था और अभी तक वह अपने राज्य की टीम के लिए लिस्ट ए या टी20 क्रिकेट नहीं खेले हैं।
कोलकाता नाईट राइडर्स ने ट्वीट कर इस खिलाड़ी को शामिल करने की खबर दी। इससे पहले टीम शाकिब अल हसन के बिना खेल रही है जो निजी कारणों से टीम से नहीं जुड़ पाए थे और अब उनके स्थान पर टीम ने जेसन रॉय को शामिल किया है। हालांकि, अभी उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला है। शाकिब के अलावा कोलकाता अपने स्थायी कप्तान श्रेयस अय्यर के बिना ही इस सीजन उतरी है जो चोट के कारण बाहर हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता नाईट राइडर्स को एक और झटका तब लगा जब उसके स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए। वह केवल 2.1 ओवर की गेंदबाजी कर मैदान से बाहर चले गए थे। वह इस सीजन पहली बार गेंदबाजी कर रहे थे। हालांकि, बल्लेबाजी में वह कुछ खास नहीं कर पाए और केवल 3 रन बनाकर आउट हो गए।
आईपीएल 2023 में कोलकाता का प्रदर्शन
इस सीजन कोलकाता नाईट राइडर्स की बात करें उसे पंजाब के खिलाफ उसे 7 रन से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, दूसरे मैच में 81 रन से उसने आरसीबी को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। उसके बाद गुजरात के खिलाफ मैच में कोलकाता ने आखिरी ओवर में 29 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उस मैच में रिंकु सिंह ने आखिरी 5 गेंद पर 5 छक्के जड़े थे।
(भाषा इनपुट के साथ)
