क्रिकेट

4,6,4,4,4,6: इस बल्लेबाज ने भारत के सबसे तेज गेंदबाज को धुन डाला

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 14, 2023, 10:52 PM IST

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान ने शुक्रवार को इडेन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में हैदराबाद के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज उमरान मलिक के खिलाफ हल्ला बोल दिया और एक ओवर में 28 रन बटोर लिए।

Image

नीतीश राणा (साभार IPL/BCCI)

कोलकाता: आईपीएल 2023 में शुक्रवार को इडेन गार्डन्स में प्रशंसकों को चौकों छक्कों की बारिश देखने को मिली। मैच की पहली पारी में हैरी ब्रूक ने शानदार शतक जड़कर अपनी टीम को 4 विकेट पर 228 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद जीत के लिए 229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की खराब शुरुआत के बाद कप्तान नीतीश राणा ने बल्ले के साथ मोर्चा संभाला। उन्होंने 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के जड़े।

उमरान मलिक के खिलाफ बोला हल्ला

नीतीश राणा जब बल्लेबाजी करने उतरे उस वक्त टीम का स्कोर 3.2 ओवर में 20 रन पर 2 विकेट था और टीम बैकफुट पर नजर आ रही थी। ऐसे में कप्तान नीतीश ने मोर्चा संभालते हुए भारत के सबसे तेज गेंदबाज उमरान मलिक के खिलाफ पारी के छठे ओवर में हल्ला बोल दिया।

एक ओवर में जड़े 28 रन

पॉवरप्ले के आखिरी ओवर के आगाज से पहले नीतीश राणा 4 गेंद में 2 रन बनाकर खेल रहे थे। लेकिन छठे ओवर में नीतीश राणा ने चौकों छक्कों की झड़ी लगाकर उमरान मलिक की बखिया उधेड़ दी। ओवर की शुरुआत राणा ने शॉर्ट फाइन लेग की दिशा में चौका जड़कर की। इसके बाद 143.6 किमी प्रतिंघंटे की रफ्तार वाली गेंद को नीतीश ने मिड विकेट की दिशा में पुल करके छक्के के लिए भेज दिया।

ओवर में जड़े 4 चौके और 2 छक्के

पहली दो गेंद में 10 रन हासिल करने के बाद नीतीश नहीं रुके और उन्होंने अगली तीन गेंद पर लगातार तीन चौके मिडविकेट, एक्स्ट्रा कवर और मिडविकेट की दिशा में भेज दिया। इसके बाद उन्होंने ओवर का अंत 149.1 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आती गेंद को बैकवर्ड प्वाइंट की दिशा में कट करके छक्के के लिए भेज दिया। राणा ने उमरान की छह की छह गेंदों को बाउंड्री के पार भेजा और कुल 28 रन बटोरकर अपनी टीम की वापसी करा दी। केकेआर ने पॉवरप्ले का अंत 3 विकेट पर 62 रन के साथ किया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article