मुंबई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की ओर से आईपीएल में खेल रहे ऑस्ट्रेलिया के आतिशी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल मंगलवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ फॉर्म में लौट आए। मैक्सवेल जब बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे उस वक्त आरसीबी का स्कोर 2.2 ओवर में 16 रन पर 2 विकेट हो गया था। विराट कोहली और अनुज रावत आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। पिछली तीन पारियों में 9 रन बनाने वाले मैक्सवेल ने अपने कंधों पर जिम्मेदारी ली मुंबई पलटन के गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोल दिया।
25 गेंद में जड़ा अर्धशतक
मैक्सवेल ने मैदान पर उतरते ही अपने जाने पहचाने अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने देखते ही देखते टीम को 6 ओवर में 56 रन तक पहुंचाया इसके बाद टीम को 100 रन के पार पहुंचने से पहले अपना अर्धशतक 25 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। यह सीजन मे मैक्सवेल का आरसीबी के लिए जड़ा चौथा अर्धशतक था।
डुप्लेसी के साथ की शतकीय साझेदारी
अर्धशतक पूरा करने के बाद भी मैक्सवेल नहीं रुके। उन्होंने हमला जारी रखा और 33 गेंद में 68 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने मैक्सवेल के साथ सीजन में चौथी बार शतकीय साझेदारी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 गेंद में 120 रन की साझेदारी की और आरसीबी को 12.3 ओवर में 136 रन तक पहुंचा दिया।
सीजन में 186 के स्ट्राइक रेट से बना रहे हैं रन
मैक्सवेल आईपीएल 2023 की शुरुआत में शानदार फॉर्म में थे। लेकिन पिछले कुछ मैचों में उनकी लय बिगड़ती दिख रही थी लेकिन उन्होंने धमाकेदार वापसी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ दिया। मैक्सवेल सीजन में खेले 11 मैच में 1 बार नाबाद रहते हुए 33 के औसत और 186.44 के स्ट्राइकरेट से 330 रन बना लिए हैं।
