IPL 2023 CSK vs GT Pitch Report of Today match and Ahmedabad Weather Forecast: आज आईपीएल 2023 का आगाज होने जा रहा है। पहले मुकाबले में चार बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना होगा डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात जायंट्स से जिसने पिछली बार अपने पहले ही सीजन में खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इस मुकाबले में दो दिग्गज कप्तानों की भी भिड़ंत होगी, एक तरफ होंगे सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जबकि दूसरी तरफ होंगे मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या।
दोनों टीमों के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में दो मुकाबले ही खेले गए हैं। पिछला सीजन गुजरात टाइटंस का पहला सीजन था इसलिए दोनों टीमों के बीच सिर्फ दो बार भिड़ंत हुई। इन दोनों ही मुकाबलों में धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स को मात मिली थी जबकि हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली गुजरात ने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। इस बार चेन्नई सुपर किंग्स पिछली दोनों हार का बदला लेना चाहेगी। मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान पर होने जा रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच की पिच कैसी है और कैसा रहेगा मौसम का हाल, आइए जानते हैं।
कैसी है अहमदाबाद की पिच रिपोर्ट? (CSK vs GT Pitch Report)
आईपीएल का आगाज विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने जा रहा है। दोनों धाकड़ टीमें हैं जिनके करोड़ों फैंस हैं। ऐसे में सबकी नजरें इस बात पर भी टिकी होंगी कि इस मैदान की पिच कैसी होगी। इस मैदान पर कई पिचें मौजूद हैं लेकिन अगर पिछला इतिहास देखें तो यहां पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलती दिखी है और इस बार भी ऐसा ही होता नजर आ सकता है। खासतौर पर दोनों टीमों के स्पिनर्स पर यहां काफी दारोमदार रहने वाला है। बाउंड्री बड़ी हैं इसलिए बल्लेबाजों को थोड़ी मशक्कत जरूर करनी पड़ेगी।आज कैसा होगा अहमदाबाद का मौसम? (Ahmedabad weather forecast today)
टी20 मुकाबलों में भी मौसम बड़ी भूमिका निभाता है। बात करें आईपीएल 2023 के पहले मैच के मेजबान अहमदाबाद शहर की, तो यहां पर गुरुवार रात बारिश हुई थी जिसने दोनों टीमों को अभ्यास तक नहीं करने दिया। हालांकि शुक्रवार के लिए जो अनुमान है वो फैंस और टीमों को खुशी देने वाला है। आज यहां बारिश की संभावना ना के बराबर है इसलिए एक पूरे व रोचक मैच की उम्मीद की जा सकती है। यहां दिन भर धूप खिली रहेगी। अगर तापमान की बात करें तो आज अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेंटीग्रेड जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।आज होने वाला आईपीएल 2023 का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। मैच से पहले शाम 6 बजे टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी होगी जहां कई सितारे अपना जलवा बिखेरेंगे।
