क्रिकेट

IND vs NZ 2nd ODI Pitch Report: तेज हवा और बदलते मौसम में होगा दिमाग का टेस्ट, जानें कैसी है वेलिंग्टन की पिच रिपोर्ट

पांच मैच की वनडे सीरीज में एक मैच जीतकर टीम इंडिया ने 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दूसरा मुकाबला वेलिंग्टन में खेला जाएगा। इस मैच के दौरान भी बारिश का पूर्वानुमान है। ऐसे में तेज हवा और बदलते मौसम के मिजाज में तालमेल बैठाना गेंदबाजों और बल्लेबाजों के लिए चुनौती होगी।

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड पिच रिपोर्ट।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मैच वेलिंग्टन के हेनरी स्टेडियम में खेला जाएगा। ऑकलैंड में जीत के साथ वनडे सीरीज की शुरुआत करने वाली भारतीय टीम के सामने अब ऐसी चुनौती है, जहां सिर्फ कौशल ही नहीं। बल्कि मौसम के मिजाज से तालमेल बैठाना भी अहम होगा। शनिवार को वेलिंग्टन में जब टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी तो उसे तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है और ये कोई मामूली हवाएं नहीं, बल्कि खेल का रुख बदलने की क्षमता भी रखती हैं।

ऐसे में शुभमन गिल की टीम दूसरे वनडे में उतरते समय सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल करने के साथ विपरीत परिस्थितियों को साधने की कोशिश भी करेगी। वेलिंग्टन की परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होने के साथ चुनौतीपूर्ण भी हो सकती हैं। मैच से पहले वेलिंग्टन में शुक्रवार को बारिश हुई। इसके चलते न्यूजीलैंड को अपना प्रैक्टिस वेन्यू बदलना पड़ा। वहीं, भारत ने अपनी प्रैक्टिस रद्द कर दी।

भारत बनाम न्यूजीलैंड पिच रिपोर्ट (IND vs NZ 1st ODI Pitch Report)

वेलिंग्टन की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रही है। तेज झोंके गेंदबाज के रन-अप, संतुलन और गेंद छोड़ने के तरीके को प्रभावित कर सकते हैं। यॉर्कर और धीमी गेंदों पर नियंत्रण रखना भी आसान नहीं होगा। हवा की दिशा के अनुसार गेंदबाजों को अपनी लेंथ और लाइन में बदलाव करना पड़ सकता है। एक छोर से हवा के साथ गेंदबाजी करने का लाभ मिल सकता है, लेकिन दूसरे छोर से हवा के खिलाफ गेंद डालना धैर्य और अतिरिक्त मेहनत की मांग करेगा।

बल्लेबाजी भी नहीं रहेगी आसान

वहीं, दूसरी ओर बल्लेबाजों के लिए भी परिस्थितियां सहज नहीं होंगी। तेज हवा में ऊंचे शॉट लगाने का फैसला जोखिम भरा हो सकता है, जबकि फील्डरों को कैच लेते समय गेंद की दिशा का सही अंदाजा लगाना होगा। भारत के लिए जरूरी होगा कि बल्लेबाज परिस्थितियों को समझकर पारी आगे बढ़ाएं और सिर्फ आक्रामकता के भरोसे न रहें। यहां का वनडे क्रिकेट में औसत स्कोर 252 रन है, जो एक कॉम्पिटिटिव टोटल है।

बारिश की आशंका

मौसम पूर्वानुमान ने मुकाबले की चिंता बढ़ा दी है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मैच के दौरान बारिश की संभावना है। बादल और हवा में नमी तेज गेंदबाजों को स्विंग दिला सकती है, लेकिन बारिश के कारण ओवर घटने की स्थिति में दोनों टीमों की रणनीति बदलनी पड़ सकती है।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article