स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Nep u19 vs Ind u19: अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम ने जीत के साथ आगाज किया है। अपने पहले मुकाबले में अंडर-19 टीम इंडिया ने नेपाल की अंडर-19 टीम को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। भारत की इस जीत में ईशान सूद, अर्जुन राजपूत, यशवीर गौड़ के अलावा आर्यवीर सहवाग (Aaryavir Sehwag) और लक्ष्य (Lakshya Rajesh Raichandani) ने अहम भूमिका निभाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की टीम ने 42.3 ओवर में 128 रन बनाए। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 19.1 ओवर में बिना विकेट गंवाए आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।
अल-अमीरात में खेले गए अंडर-19 एशिया कप के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ईशान सूद ने कप्तान के इस फैसले को सही साबित किया। तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर नेपाल के सलामी बल्लेबाज प्रशिद्धा जैशी को 1 के निजी स्कोर पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद विकेटों की पतझड़ लग गई।
एक के बाद एक गंवाए विकेट
एक समय नेपाल ने 51 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, आशीष लुहर (29) और दर्श सोनार (43) ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी कर थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन यशवीर गौड़ ने इस साझेदारी को तोड़ उनकी उम्मीदों पर पारी फेर दिया। इसके बाद नेपाल ने एक के बाद एक विकेट गंवाए।
34 रन के अंदर गंवाए पांच विकेट
94 के स्कोर पर नेपाल की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और 34 रन के अंदर अपने बाकी के पांच विकेट गंवा दिए। भारत की तरफ से ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, यशवीर गौड़ को दो, जबकि काव्या पटेल और मनल चौहान को एक-एक विकेट मिला।
आर्यवीर का तूफान
128 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यवीर और कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने तूफानी बल्लेबाजी की। आर्यवीर ने 52 गेंद पर 7 चौके चार छक्के की मदद से नाबाद 70 रन और कप्तान लक्ष्य ने 63 गेंद पर नाबाद 57 रन की पारी खेली। इसमें 7 चौके शामिल रहे। दोनों ने मिलकर नेपाल की कमजोर गेंदबाजी की जमकर खबर ली। भारत ने आसानी से मैच जीतकर दो अहम अंक हासिल कर लिए। भारत का अगला मुकाबला 8 नवंबर को पाकिस्तान से है।
