लाइफस्टाइल

फूलों को लंबे समय तक कैसे ताजा रखें, पूजा के फूल फ्रेश रखने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स

How to keep flowers fresh for long (फूलों को ताजा कैसे रखें): पूजा के फूल सुबह ही मुरझा जाते हैं? जानें गेंदे, गुलाब और मोगरे के फूलों को लंबे समय तक ताजा और फ्रेश रखने के आसान घरेलू उपाय।

Image

फूलों को लंबे समय तक कैसे ताजा रखें (फोटो: AI)

How to keep flowers fresh for long (फूलों को ताजा कैसे रखें): घर में पूजा हो या मंदिर में भगवान का श्रृंगार, फूलों के बिना सब कुछ अधूरा सा लगता है। ताजे फूल पूजा की जगह को सुंदर बनाने के साथ घर में भी अच्छी खुशबू और ताजगी बनाए रखते हैं। यही वजह है कि लोग रोज पूजा के लिए फूल खरीदते हैं या अपने बगीचे से फूल तोड़कर लाते हैं। लेकिन परेशानी तब होती है जब सुबह खरीदे गए फूल शाम तक मुरझाने लगते हैं। उनकी पंखुड़ियां सूख जाती हैं और रंग भी फीका पड़ने लगता है। खासकर गर्मी और उमस में फूलों को ताजा रखना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू तरीकों को अपनाकर आप फूलों को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं।

1. फूलों को धूप और गर्मी से बचाकर रखें

फूल खरीदने या तोड़ने के बाद उन्हें ज्यादा देर तक खुली जगह या धूप में न छोड़ें। तेज गर्मी से फूल जल्दी मुरझाने लगते हैं। इन्हें किसी साफ, ठंडी और हवादार जगह पर रखें। ध्यान रखें कि फूलों पर सीधे पंखे की हवा भी न पड़े।

2. फूलों को ताजा रखने के लिए पानी का करें इस्तेमाल

अगर फूलों की डंडियां लंबी हैं, तो उन्हें साफ पानी से भरे बर्तन में रखें। पानी में सिर्फ डंडी का निचला हिस्सा डूबना चाहिए। पानी में पत्तियां रहने से वे जल्दी सड़ सकती हैं। फूलों को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए रोज पानी बदलें और डंडियों को नीचे से थोड़ा तिरछा काट दें।

3. फ्रिज में फूल रखने का सही तरीका जानें

अगर आपने पूजा के लिए एक दिन पहले फूल खरीद लिए हैं, तो उन्हें फ्रिज में रख सकते हैं। इसके लिए फूलों को हल्के नम कागज या साफ कपड़े में लपेटकर खुले डिब्बे में रखें। ध्यान रहे कि उन्हें फ्रीजर में न रखें। साथ ही सेब और केले जैसे फलों से दूर रखें, क्योंकि इनसे निकलने वाली गैस फूलों को जल्दी खराब कर सकती है।

4. गेंदे और गुलाब के फूलों की ऐसे करें देखभाल

गेंदे के फूलों को तेज धूप और गर्मी से बचाकर रखें। इन्हें बहुत ज्यादा पानी में भिगोने की जरूरत नहीं होती। वहीं गुलाब की डंडियों को साफ पानी में रखें और नीचे की पत्तियां हटा दें। चमेली और मोगरे जैसे फूलों को हल्के नम सूती कपड़े में रखकर ठंडी जगह पर रखें।

5. मुरझाने लगे फूलों को दोबारा कैसे करें फ्रेश?

अगर फूलों की पंखुड़ियां झुकने लगी हैं, तो सबसे पहले उन्हें गर्मी से दूर करें। डंडी वाले फूलों को नीचे से थोड़ा काटकर साफ पानी में रखें। हालांकि, फूलों पर बहुत ज्यादा पानी छिड़कने से बचें। इससे कुछ फूलों की पंखुड़ियां खराब हो सकती हैं।

6. फूल खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

फूलों की ताजगी काफी हद तक इस बात पर निर्भर करती है कि आपने उन्हें खरीदते समय कैसी क्वालिटी चुनी है।

  • ऐसे फूल खरीदें जिनकी पंखुड़ियां ताजी और मजबूत हों।
  • फूलों पर भूरे या काले धब्बे नहीं होने चाहिए।
  • डंडियां हरी और मजबूत होनी चाहिए।
  • दबे हुए या पहले से मुरझाए फूल न खरीदें।
  • इस्तेमाल से पहले सूखी और खराब पंखुड़ियां हटा दें।

7. फूलों को साफ बर्तन में ही रखें

फूल रखने के लिए हमेशा साफ बर्तन का इस्तेमाल करें। गंदे बर्तन में बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जिससे फूल जल्दी खराब होते हैं। इसलिए बर्तन को धोकर ही उसमें पानी भरें।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article