Rohit Sharma ka bayan: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स की टीम आईपीएल में धीमी शुरुआत के बाद अब अपनी लय हासिल कर चुकी है। शुक्रवार को डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने सूर्यकुमार यादव के नाबाद शतक(103*) की बदौलत 20 ओवर में 218 रन का लक्ष्य खड़ा किया था। इसके बाद 219 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए राशिद खान के 32 गेंद में 79 रन की नाबाद आतिशी पारी खेलने के बावजूद गुजरात को 8 विकेट पर 191 के स्कोर पर रोककर 27 रन के अंतर से मैच अपने नाम कर लिया।
अंक तालिका में तीसरे पायदान पर पहुंची मुंबई
गुजरात के खिलाफ मुंबई की टीम बड़े अंतर से भले ही जीत दर्ज करने में नाकाम रही लेकिन इस मैच में मिले दो अंकों की बदौलत मुंबई की टीम अंक तालिका में 12 मैच में 7 जीत और 5 हार के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। मुंबई से ऊपर प्वाइंट्स टेबल में गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीमें हैं। ऐसे में गुजरात के खिलाफ जीत के बाद मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा खुश नजर आए और उन्होंने शानदार मैच जिताऊ शतकीय पारी खेलने वाले सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की।
आत्मविश्वास है सूर्यकुमार की सफलता का राज
रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव की तारीफ करते हुए उनकी सफलता की वजह बताते हुए कहा, टी20 में सूर्या की सफलता का राज उनका आत्मविश्वास है। टूर्नामेंट की शुरुआत में हम इस बारे में चर्चा कर रहे थे कि क्या हमें लेफ्ट-राइट कॉन्बिनेशन बल्लेबाजी के दौरान रखना है या नहीं। तो सूर्या ने इस पर साफ तौर पर ना कहा। उन्होंने कहा मैं बल्लेबाजी के लिए मैदान में जाना चाहता हूं।
कौन बॉलिंग पर है इस बात से नहीं पड़ता फर्क
रोहित ने आगे कहा, उनके अंदर ऐसा आत्मविश्वास है कि उन्हें फर्क नहीं पड़ता है कि लेग स्पिनर बॉलिंग कर रहा है या ऑफ स्पिनर या बांए हाथ का स्पिनर। वो सिर्फ मैदान में बैटिंग के लिए जाना चाहता है। ये दिखाता है कि उन्होंने हमारे और टीम इंडिया के लिए खेलते हुए पिछले एक डेढ़ साल में जो आत्मविश्वास हासिल किया है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए भी अच्छा प्रदर्शन किया है। वो ऐसा आत्मविश्वास लेकर आते हैं जो उनके साथ बैटिंग करने वाले खिलाड़ी पर भी असर डालता है।
पीछे मुड़कर नहीं देखते हैं सूर्या
मुंबई के कप्तान ने कहा, सूर्या पीछे मुड़कर नहीं देखते हैं कि पिछले मैच में क्या हो चुका। उनके अंदर सबसे अच्छी बात यह है कि वो हर मैच में एक नई शुरुआत करते हैं। इस बात की उसे चिंता नहीं होती है कि पिछले मैच में क्या हुआ था। एक क्रिकेट खिलाड़ी इस तरह सोचता है और अपनी उपलब्धियों पर गर्व करता है। लेकिन उसके अंदर ये बात नहीं है।
गेंदबाजों ने किया बेहतरीन प्रदर्शन
रोहित ने मैच में गुजरात के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत हसिल की। ऐसे में वानखेड़े स्टेडियम में स्कोर खड़ा करके जीत हासिल करने को मुश्किल बताते हुए रोहित ने कहा, हम यहां बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद उसे बचा पाने में सफल रहे यह हमारे लिए बेहद संतोष की बात है। पहले बल्लेबाजी करके बड़ा स्कोर खड़ा करना, इसके बाद उसका बचाव करना। उस तरह नहीं जो अंत में हुआ, पहले 15 ओवरों में हमने शानदार गेंदबाजी की। लगातार विकेट लेते रहे। इस फॉर्मेट में आपको यही करना होता है। आपको विकेट चटकाने के तरीके ढूंढने पड़ते हैं। ओस की वजह से गेंदबाजों के लिए बाद में स्थिति थोड़ी मुश्किल हो गई थी। मेरे लिहाज से गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
