आईपीएल के 49वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया। चेन्नई के सामने जीत के लिए 140 रन का लक्ष्य था, जो उसने डेवॉन कॉनवे के 44 और रुतुराज गायकवाड के विस्फोटक 30 रन की पारी के दम पर 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इन दोनों के अलावा शिवम दुबे ने 18 गेंद पर 26 रन की पारी खेली। मुंबई की तरफ से पियूष चावला ने 2 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 1 विकेट चटकाए।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 13 रन के स्कोर पर उसे कैमरॉन ग्रीन के रुप में पहला झटका लगा। मुंबई ने इसी स्कोर पर ईशान किशन का विकेट गंवा दिया। कप्तान रोहित शर्मा से टीम को काफी उम्मीद थी, लेकिन वह खाता भी नहीं खोल पाए। 14 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा चुकी मुंबई की सूर्यकुमार यादव और नेहल वढेरा ने वापसी कराई।
दोनों ने चौथे विकेट के लिए महत्वपूर्ण 55 रन की साझेदारी की। लेकिन 22 गेंद पर 26 रन बनाकर सूर्यकुमार यादव भी आउट हो गए। इस सीजन पहली बार टीम में शामिल ट्रिस्टन स्टब्स ने 5वें विकेट के लिए वढेरा के साथ 54 रन की साझेदारी की। इस दौरान 46 गेंद पर 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से नेहल ने अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक जड़ा। वह 51 गेंद पर 64 रन बनाकर पाथिराना की गेंद पर बोल्ड हुए।
उसके बाद मुंबई ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और उसका नतीजा हुआ कि 20 ओवर में टीम 8 विकेट के नुकसान पर 139 रन ही बना पाई। चेन्नई की तरफ से मथिसा पाथिराना ने 3, दीपक चाहर और तुषार देशपांडे ने 2-2 विकेट चटकाए।
खत्म हुआ 13 साल का इंतजार
चेन्नई ने इस मैच में मुंबई को हराकर 13 साल का लंबा इंतजार खत्म कर दिया है। आखिरी बार मुंबई इंडियंस के खिलाफ उसे चेपॉक के मैदान में 2010 में जीत मिली थी। तब से लगातार मुंबई इस मैदान पर जीत रही थी, लेकिन अब चेन्नई का 13 साल का इंतजार खत्म हो गया है।
दूसरे नंबर पर पहुंची चेन्नई
इस जीत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स ने प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर जगह बना ली है। अब उनके नाम 11 मैच में 6 जीत के साथ 12 अंक हो गए हैं और वह गुजरात टाइटंस के बाद दूसरे नंबर पर है।
