दुबई: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन के अंतर से विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में मात देकर रिकॉर्ड आठवीं बार खिताब जीतने के बाद एसीसी के चेयरमैन मोहसिन नक़वी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। मैच के बाद भारतीय टीम विनर्स ट्रॉफी लेने मंच पर प्रेजेंटेशन के लिए नहीं पहुंची। श्रीलंकाई टीम को उपविजेता टीम के रूप में पुरस्कार राशि मेडल्स दिए गए। मोहसिन नक़वी मंच पर मौजूद थे। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची। यहां तक की प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड का ऐलान भी नहीं किया गया।
सैकिया और राजीव शुक्ला ने की टीम से बात
मैच में टीम इंडिया की जीत के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भारतीय टीम के खिलाड़ियों से मिला और उन्हें टीम मेडल्स दिए। उन्होंने खिलाड़ियों से बात की और उसके बाद टीम वापस ड्रेसिंग रूम में चली गई और प्रेजेंटेशन में शिरकत नहीं की। ऐसे में एक साल लंबे अंतराल बाद वहीं अध्याय देखने को मिला। जहां नाटकीय रूप से सूर्यकुमार यादव की कप्ताना वाली भारतीय टीम ने 28 सितंबर, 2025 को मोहसिन नक़वी के हाथों से विनर्स ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नक़वी अपने साथ ट्रॉफी लेकर चले गए जो अबतक भारतीय पुरुष टीम को नहीं मिल सकी है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर ये भी पढ़ें: INDW Vs SLW, Asia Cup 2026 Final Highlights: श्रीलंका को 72 रन से पटखनी देकर आठवीं बार विमेंस एशिया कप चैंपियन बनी भारतीय महिला टीम
पाकिस्तान के खिलाफ नो हैंडशेक की नीति रही बरकरार
इससे पहले भारतीय टीम ने पाकिस्तान महिला टीम के खिलाफ 5 सितंबर को खेले गए लीग दौर के मुकाबले में अपनी नो हैंडशेक की नीति को बरकरार रखा था। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान से टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया। इसके बाद मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाए थे। पाकिस्तानी टीम को भारतीय टीम ने 55 रन पर ढेर करके मैच 7 विकेट से महज 8.4 ओवर में अपने नाम कर लिया था।
