क्रिकेट

पाकिस्तान सरकार ने टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला वापस लिया-रिपोर्ट

भारत-पाकिस्तान का मुकाबला तय समय 15 फरवरी को होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यू-टर्न ले लिया है। बांग्लादेश-पीसीबी के साथ आईसीसी के बैठक के बाद यह तय हो गया था कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आधिकारिक ऐलान करेगा।

Image

भारत-पाकिस्तान (साभार-X)

पाकिस्तान सरकार ने टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार का अपना फैसला वापस ले लिया है। सरकार के एक शीर्ष सूत्र ने पीटीआई को यह जानकारी दी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को श्रीलंका और बांग्लादेश ने इसके लिये तैयार किया। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच कोलंबो में 15 फरवरी को होना है। सूत्र ने बताया ,’’ प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को श्रीलंका और बांग्लादेश से फोन आया था और उन्होंने बहिष्कार का फैसला वापिस लेने का उनका अनुरोध मान लिया है।’’

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख अमीनुल इस्लाम ने इससे पहले एक बयान जारी करके खेल के भले के लिये पाकिस्तान से यह मैच खेलने का अनुरोध किया था। इसके बाद ही स्पष्ट हो गया था कि पाकिस्तान यह मैच खेलने जा रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ने इससे पहले कहा था कि मामले पर औपचारिक फैसला अगले 24 घंटे में लिया जायेगा ।

पाकिस्तान सरकार ने फैसले को पलटते हुए जारी किए बयान में कहा, प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के प्रतिनिधियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच हुई उच्च-स्तरीय बातचीत के नतीजों के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा पीसीबी को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों के साथ-साथ श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों से मिले समर्थन संदेशों की भी समीक्षा की है। इन संदेशों में हाल की चुनौतियों का एक सही समाधान खोजने में पाकिस्तान के नेतृत्व की मांग की गई थी।

बहुपक्षीय चर्चाओं में हासिल नतीजों के साथ-साथ मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी, 2026 को आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप में अपने तय मैच के लिए मैदान में उतरे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article