क्रिकेट

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाकी दो टेस्ट के लिए टीम इंडिया में हुई ऑलराउंडर की एंट्री

न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरू टेस्ट में भारतीय टीम की 8 विकेट से हार के बाद बीसीसीआई ने टीम में एक और खिलाड़ी को शामिल किया है। जानिए कौन है वो खिलाड़ी?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • वॉशिंगटन सुंदर की हुई टीम में एंट्री
  • रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ जड़ा था शानदार शतक
  • साल 2021 में सुंदर ने खेला था आखिरी टेस्ट

मुंबई: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैच की सीरीज के बाकी बचे दो टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की एंट्री हुई है। सुंदर पुणे में टीम के साथ जुड़ेंगे। सीरीज का दूसरा टेस्ट 24 अक्टूबर से पुणे में और तीसरा टेस्ट 1 नवंबर से मुंबई में खेला जाएगा। भारतीय टीम बेंगलुरू टेस्ट में 8 विकेट से हार के बाद तीन मैच की सीरीज में 0-1 से पिछड़ गई है। ऐसे में सीरीज में वापसी के लिए उसे किसी भी सूरत में पुणे में खेले जाने वाले टेस्ट में जीत दर्ज करनी होगी।

सुंदर का ऐसा रहा है टेस्ट करियर, तीन साल बाद हो रही वापसी

वॉशिंगटन सुंदर भारत के लिए 4 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। साल 2021 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने ब्रिस्बेन में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान डेब्यू किया था। कई खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से टीम के साथ नेट बॉलर के रूप में गए सुंदर को टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका अप्रत्याशित रूप से मिला था लेकिन इसके बाद वो सीरीज में अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे थे। साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ सुंदर भारत के लिए आखिरी बार टेस्ट जर्सी पहनकर खेलते नजर आए थे। सुंदर ने अबतक खेले 4 टेस्ट की 6 पारियों में 66.25 के औसत से 265 रन बनाए हैं जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 96 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। वहीं गेंदबाजी में 4 टेस्ट की 7 पारी में 6 विकेट चटकाए हैं।

रणजी में जड़ा शानदार शतक

वॉशिंगटन सुंदर फिलहाल रणजी ट्रॉफी में तमिलनाडु की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के खिलाफ शानदार शतक जड़कर अपने फॉर्म का परिचय दिया है। सुंदर ने 259 गेंद में 152 रन की पारी खेलकर दिल्ली के खिलाफ अपनी टीम को बड़ी बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई और पहली पारी में 2 विकेट भी चटकाए। ऐसे शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, सरफराज खान, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, वॉशिंगटन सुंदर।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article