स्पोर्ट्स

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए गुजरात को 2 हजार करोड़ रुपये की मदद देगा खेल मंत्रालय

केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 2030 में अहमदाबाद में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए गुजरात सरकार को 2000 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई है।

Image

राष्ट्रमंडल खेल 2030

नई दिल्ली: केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 2030 में अहमदाबाद में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए गुजरात सरकार को 2000 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई है। इस राशि का प्रावधान राष्ट्रीय खेल महासंघों को सहायता देने की संशोधित योजना के तहत किया गया है। अहमदाबाद को पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिली थी। उसने इस आयोजन के लिए नाइजीरिया की चुनौती को पीछे छोड़ते हुए शताब्दी संस्करण की मेजबानी हासिल की।

मंत्रालय ने कहा कि यह राशि 2025 की दरों पर आधारित है और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के अनुसार इसमें बदलाव के बाद वर्ष 2030 तक इसके करीब 2500 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार की ओर से जरूरत के अनुसार सहायता राशि जारी करने का अनुरोध मिलने पर धन उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि गुजरात सरकार को दी जाने वाली यह सहायता राष्ट्रीय खेल महासंघ सहायता योजना (एएनएसएफ) के तहत उपलब्ध कराए जाने वाले बजट से पूरी की जाएगी। इस योजना को 16वें वित्त आयोग के कार्यकाल के तहत 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके लिए कुल 7,386.74 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

मंत्रालय के अनुसार 'राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए गुजरात सरकार को 2025 की कीमतों के आधार पर अधिकतम 2000 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर समायोजन के बाद 2030 में यह राशि लगभग 2500 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। जरूरत के मुताबिक, गुजरात सरकार के अनुरोध पर राशि जारी की जाएगी।'

इस साल ग्लासगो में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का कार्यक्रम बजट की कमी के कारण काफी सीमित कर दिया गया था। वहां केवल 10 खेलों को शामिल किया गया है और हॉकी, कुश्ती तथा क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेलों को कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। इसके मुकाबले अहमदाबाद में 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। भारत की योजना प्रतियोगिता में 15 से 17 खेलों को शामिल करने की है। इससे खिलाड़ियों और खेल प्रशंसकों को अधिक स्पर्धाओं का अवसर मिलने की उम्मीद है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article