जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में डेब्यू करने वाली निकी प्रसाद ने मैच विनिंग पारी खेली। विजयी शॉट उनके ही बल्ले से निकली जो 39 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने दीप्ति शर्मा के साथ 5वें विकेट के लिए 63 गेंद में 82 रन की साझेदारी की और एक वक्त 19 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को 4 विकेट से जीत दिला दी। भारतीय टीम 115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक वक्त 19 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा चुकी थी। मैच के बाद जब उनसे इस मुकाबले से पहले उनकी मानसिकता को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब दिया 'मुझे लगता है कि मैं अच्छी तरह से तैयार थी। मुझे पता था कि जब मैं मैदान पर उतरी, तो मेरा काम सिर्फ मैच को अंत तक ले जाना और उसे जीत तक पहुंचाना था, और मैंने मैदान पर ठीक इसी पर ध्यान केंद्रित किया।
दीप्ति शर्मा के साथ अपनी साझेदारी पर उन्होंने कहा 'हम सिर्फ साझेदारी बनाने पर ध्यान दे रहे थे। एक बार जब हमने लय पकड़ ली तो हमने इस बात पर चर्चा शुरू की कि किन गेंदबाजों को निशाना बनाना है और कहां हम सोच-समझकर जोखिम उठा सकते हैं।
ओस से पिच पर क्या प्रभाव रहा
दूसरी पारी में ओस पर निकी ने कहा 'ओस तो निश्चित रूप से काफी थी, जिससे बल्ले से गेंद की गति काफी बढ़ गई। साथ ही, पिच थोड़ी धीमी और नीची होने लगी थी, लेकिन दीप्ति और मैंने परिस्थितियों के अनुसार खुद को अच्छी तरह ढाल लिया।
ड्रीम डेब्यू पर क्या बोलीं निकी प्रसाद
मुझे बहुत खुशी है कि मैं मैच को अंत तक ले जा पाई और दीप्ति के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी कर पाई। यह तो बस शुरुआत है, और मैं इसी तरह खेलना जारी रखना चाहती हूं और आगे चलकर भारतीय टीम में अधिक से अधिक योगदान देना चाहती हूं।
