क्रिकेट

U-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी: सहवाग के बाद द्रविड़ के बेटे ने बरपाया कहर, गुजरात को हराकर नॉकआउट में पहुंचा कर्नाटक

वीरेंद्र सहवाग के बेटे के बाद राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे ने अंडर-19 वीनू मांकड ट्रॉफी में शुक्रवार को कर्नाटक के लिए कप्तानी पारी गुजरात के खिलाफ खेली और अपनी टीम को नॉकआउट राउंड में पहुंचाने में सफल रहे।

Image

अन्वय द्रविड़ (फोटो क्रेडिट BCCI)

विजयनगरम: पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ ने 100 गेंद में 151 रन की शानदार पारी खेली जिससे कर्नाटक अंडर-19 टीम ने शुक्रवार को विजयनगरम में खेले गए मुकाबले में गुजरात को पांच विकेट से हराकर वीनू मांकड़ ट्रॉफी के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।

अन्वय ने जड़े पारी में 20 चौके

कप्तान अन्वय ने अपनी आक्रामक पारी में 20 चौके और तीन छक्के लगाए। उन्हें ध्रुव कृष्णन का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 100 गेंद में 131 रन बनाए। दोनों की पारियों की मदद से कर्नाटक ने वीजेडी पद्धति के तहत मिले 352 रन के विशाल लक्ष्य को 45.3 ओवर में हासिल कर लिया। अन्वय और ध्रुव ने तीसरे विकेट के लिए 26 ओवर से कुछ अधिक समय में 203 रन की बड़ी साझेदारी की।

गुजरात ने बनाए थे 4 विकेट पर 357 रन

इससे पहले गुजरात ने समीर भंडारी (88 गेंद में नाबाद 119) और यश पंवारनी (57 गेंद में नाबाद 106) के शतकों की बदौलत 50 ओवर में चार विकेट पर 357 रन बनाए थे। भंडारी और पंवारनी ने 30.3 ओवर में चार विकेट पर 140 रन के स्कोर से गुजरात की पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए महज 19 ओवर में 217 रन की साझेदारी की।

आर्यवीर सहवाग ने खेली तूफानी पारी

शुक्रवार को वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने दिल्ली की कप्तानी करते हुए 121 के स्ट्राइक से 143 गेंद में 173 रन की तूफानी पारी खेली। आर्यवीर ने अपनी पारी में 19 चौके और 8 छक्के जड़े। उनकी पारी की बदौलत दिल्ली की टीम चंडीगढ़ के खिलाफ 6 विकेट के नुकसान पर 289 रन बनाने में सफल रही। आयर्वीर की कप्तानी पारी पर चंडीगढ़ के ओरे रुपेश ने 167 रन बनाकर पानी फेर दिया और अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिलाने में सफल रहे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article