रांची में आज टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा। दोनों देशों की टीमों के बीच ये मुकाबला तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की द्विपक्षीय सीरीज का आगाज होगा। मुकाबला रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जाना है। एम एस धोनी के गृहनगर रांची में खचाखच भरे स्टेडियम में एक धाकड़ मुकाबला होने की उम्मीद है।
इससे पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली गई थी, जिसमें भारत ने क्लीन स्वीप करते हुए आईसीसी वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने का कमाल किया था। भारत ने नए साल 2023 में अब तक एक भी सीरीज नहीं गंवाई है। पहले श्रीलंका के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज जीती और फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीती। अब भारत टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार्दिक पांड्या की अगुवाई में उतरने जा रही है। अब जानते हैं कि पहले टी20 की पिच कैसी होगी और कैसा होगा रांची का मौसम।
कैसी होगी रांची के जेएससीए स्टेडियम की पिच? (IND vs NZ 1st T20 Pitch Report)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला रांची के जेएससीए स्टेडियम पर खेला जाएगा जहां पर आमतौर पर गेंदबाजों और बल्लेबाजों, दोनों के लिए काफी कुछ रहता है। हालांकि इस बार बताया जा रहा है कि यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकती है और रनों की बौछार की उम्मीद की जा सकती है। वैसे किसी भी स्थिति में टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले गेंदबाजी करना चाहेगी क्योंकि जैसे-जैसे समय बीतेगा ओस गिरेगी और बाद में गेंदबाजी व फील्डिंग करने वाली टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।आज कैसा रहेगा रांची का मौसम? (Ranchi Weather Today)
रांची में दोनों टीमों के बीच पहला टी20 मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा। ऐसे में शाम का मौसम कैसा रहेगा ये ज्यादा अहम हो जाता है। रांची में शाम ठंडी रहेगी। वैसे दिन भर धूप खिली रहेगी और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है इसलिए एक पूरे और शानदार मैच की उम्मीद की जा सकती है। तापमान की बात करें तो दिन का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 27 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिरने के आसार हैं।टी20 सीरीज के लिए दोनों देशों की टीमें
भारतीय टीमः हार्दिक पांड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, पृथ्वी शॉ, मुकेश कुमार, उमरान मलिक, शिवम मावी और वॉशिंगटन सुंदर।न्यूजीलैंड टीमः मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेन क्लीवर (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, ईश सोढ़ी, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रिपन, हेनरी शिपली और बेन लिस्टर।
