Jaishankar to meet Nahyan: विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार को मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अपने समकक्ष अब्दुल बिन जायद अल नहयान के साथ मुलाकात करेंगे। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस बैठक में दोनों देश अपने आपसी सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया एवं वैश्विक हालात और अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों विदेश मंत्रियों की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। विदेश मंत्री जयशंकर 20 अक्टूबर को अपने अमेरिकी समकक्ष मार्को रूबियो से मिलेंगे।
20 को रूबियो से मिलेंगे जयशंकर
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर की आगामी बैठकों के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा, '19 और 20 अक्टूबर 2026 को विदेश मंत्री मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री महामहिम शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की आधिकारिक यात्रा की मेजबानी करेंगे। 20 अक्टूबर को विदेश मंत्री अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बातचीत करेंगे और अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।'
बहुपक्षीय मुद्दों पर भी बातचीत करेंगे भारत-UAE
उन्होंने आगे कहा कि UAE के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने का अवसर होगी। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा, व्यापार, निवेश, फिनटेक, रक्षा और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में चल रही पहलों का आकलन करेंगे और उन्हें आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा, पश्चिम एशिया की स्थिति के साथ-साथ वैश्विक और अन्य बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
हाल ही में UAE से लौटे हैं जयशंकर
अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की आगामी भारत यात्रा से पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर 14 से 16 अक्टूबर तक UAE की आधिकारिक यात्रा पर थे। इस दौरान उन्होंने UAE के नेतृत्व के साथ चर्चा की और रायसीना मिडिल ईस्ट कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की आगामी भारत यात्रा के बारे में कहा कि यह दोनों देशों को द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करने और व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के रास्ते तलाशने का अवसर प्रदान करेगी।
वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा करेंगे
जायसवाल ने कहा, 'अमेरिकी विदेश मंत्री की आगामी यात्रा के दौरान दोनों पक्ष भारत-अमेरिका संबंधों की समीक्षा करेंगे और अमेरिका के साथ हमारी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों और आपसी हित के अन्य मुद्दों को शामिल किए जाने की उम्मीद है।' उन्होंने कहा कि दोनों देश क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा करेंगे। यह यात्रा भारत और अमेरिका के बीच उच्चस्तरीय संवाद को जारी रखने तथा साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।
