Patna Shooting Case: बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के व्यापुर गांव में रविवार रात बाइक सवार अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख के पति और पैक्स अध्यक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज घटना में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार उर्फ प्वाइजन गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज दानापुर के सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पिंटू कुमार और पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार अपने दलान पर बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर चार अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान संजीत कुमार उर्फ भानु ने दम तोड़ दिया। वहीं, पिंटू कुमार की जांघ में गोली लगी है और उनका उपचार जारी है।
घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से कई गोली के खोखे बरामद किए हैं। सबूत जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
राजनीतिक रंजिश की आशंका
दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। उनके मुताबिक, अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
