क्रिकेट

क्यों स्पेशल होने जा रहा है भारत-वेस्टइंडीज के बीच खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 16, 2023, 03:39 PM IST

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 20 जुलाई, 2023 से पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल मैदान पर सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला 100वां टेस्ट होगा।

Image

भारत बनाम वेस्टइंडीज

Photo : AP

पोर्ट ऑफ स्पेन: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला डॉमिनिका में टीम इंडिया की पारी और 141 रन के अंतर से जीत के साथ समाप्त हो गया। सीरीज का दूसरा मुकाबला 20 जुलाई से पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल मैदान पर खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है बावजूद इसके ये मुकाबला एक मायने में यादगार और ऐतिहासिक होने जा रहा है।

दिल्ली में खेला गया था पहला मुकाबला, क्वींस पार्क में सौंवा

क्वींसपार्क में खेला जाने वाला मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच के बीच 100वां टेस्ट होगा। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच 10 नवंबर, 1948 को नई दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान (अब अरुण जेटली स्टेडियम) में खेला गया था। भारतीय टीम फॉलोऑन खेलने के बावजूद मैच को ड्रॉ समाप्त कराने में सफल रही थी।

ऐसी रही है दोनों के बीच भिड़ंत

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अबतक खेले गए 99 टेस्ट मैच में 30 में विंडीज को और 23 में भारतीय टीम को जीत मिली है। दोनों के बीच 46 मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। वेस्टइंडीज ने 30 में से 16 मुकाबले घर पर और 14 भारत में जीते। जबकि टीम इंडिया घर में 13 और वेस्टइंडीज में 10 टेस्ट जीतने में सफल रही।

भारत के खिलाफ 100 टेस्ट खेलने वाली तीसरी टीम

भारत और वेस्टइंडीज को 100 टेस्ट मैच का आंकड़ा छूने में 75 साल का वक्त लगा। वेस्टइंडीज तीसरी टीम होगी जिसके खिलाफ भारत ने 100 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं। इंग्लैंड और भारत के बीच अबतक 131 टेस्ट खेले गए हैं। जबकि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 106 मुकाबले टेस्ट फॉर्मेट में खेले गए हैं। इस सूची में चौथे पायदान पर 62 मैच के साथ न्यूजीलैंड और 59 मैच के साथ पाकिस्तान की टीम है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article