क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम घोषित, श्रेयस अय्यर बने कप्तान, यहां देखें खिलाड़ियों के नाम

IND-A Squad For ODI Series Against AUS-A: इस समय इंडिया-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच अनाधिकृत टेस्ट सीरीज का आयोजन लखनऊ में हो रहा है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का आयोजन होगा। वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम का ऐलान कर दिया गया है। भारत-ए टीम का कप्तान श्रेयस अय्यर को चुना गया है।

Image

श्रेयस अय्यर होंगे ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ इंडिया-ए वनडे टीम के कप्तान

Photo : AP

India A Squad For ODI Series Against Australia A Team: शानदार भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ कानपुर में 30 सितंबर से होने वाली तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिये भारत ए का कप्तान बनाया गया है जिससे 50 ओवरों की सीनियर टीम में उन्हें कमान सौंपे जाने की संभावना बन रही है हालांकि वह अगले छह महीने लाल गेंद के क्रिकेट से दूर रहेंगे।

तीस वर्ष के अय्यर ने हाल ही में बीसीसीआई चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर को बताया है कि वह कमर की तकलीफ के कारण लाल गेंद का क्रिकेट नहीं खेल सकते। भारत ए टीम में स्पिनर रवि बिश्नोई, विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह, हरफनमौला रियान पराग और आयुष बडोनी शामिल हैं।

एशिया कप सुपर 4 में पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक बनाने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, मध्यक्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा , तेज गेंदबाज हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह दूसरे (तीन अक्टूबर) और तीसरे मैच (पांच अक्टूर) के लिये भारत ए टीम से जुड़ेंगे।

रजत पाटीदार को विदर्भ के खिलाफ नागपुर में एक अक्टूबर से होने वाले ईरानी कप मैच के लिये शेष भारत का कप्तान बनाया गया है। बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने एक बयान में कहा ,‘‘ श्रेयस अय्यर ने बीसीसीआई को लाल गेंद वाले क्रिकेट से छह महीने का ब्रेक लेने के अपने फैसले की जानकारी दी है। ब्रिटेन में पीठ की सर्जरी कराने और अच्छी तरह से ठीक होने के बाद हाल ही में लंबे प्रारूप में खेलते समय उन्हें बार-बार पीठ में ऐंठन और जकड़न का अनुभव हुआ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह इस समय का उपयोग अपनी सहनशक्ति, शरीर की लचीलापन और अपनी फिटनेस पर काम करने के लिए करना चाहते हैं। उनके इस निर्णय के कारण, ईरानी कप के लिए उनके चयन पर विचार नहीं किया गया।"

अय्यर ने दलीप ट्रॉफी में पश्चिम क्षेत्र के लिये लाल गेंद का क्रिकेट खेलते हुए 41 से ऊपर की औसत से रन बनाये थे। दो साल पहले कमर का आपरेशन कराने वाले अय्यर को रोहित शर्मा के बाद भारत के वनडे कप्तान के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में तीन मैचों की इस श्रृंखला से चयनकर्ताओं को उन्हें आजमाने का भी मौका मिल जायेगा।

दोनों टीमें

पहले वनडे के लिये इंडिया-ए टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, रियान पराग, विपराज निगम, निशांत सिंधू, गुरजपनीत सिंह, युधवीर सिंह, रवि बिश्नोई, अभिषेक पोरेल, प्रियांश आर्य, सिमरजीत सिंह, आयुष बडोनी और सूर्यांश शेडगे।

दूसरे और तीसरे वनडे के लिये इंडिया ए टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, रियान पराग, आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, विपराज निगम, निशांत सिंधू, रवि बिश्नोई, अभिषेक पोरेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरजपनीत सिंह और युधवीर सिंह।

शेष भारत टीम (ईरानी कप)

रजत पाटीदार (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन , आर्यन जुयाल, रूतुराज गायकवाड़, यश ढुल, शेख रशीद, ईशान किशन, तनुष कोटियान, मानव सुतार, गुरनूर बरार, अंशुल कम्बोज, सारांश जैन, खलील अहमद और आकाश दीप।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article