क्रिकेट

IND A vs ENG LIONS: राहुल का शतक, जुरेल का अर्धशतक, इंडिया-ए के नाम रहा दूसरे अनॉफीशियल टेस्ट का पहला दिन

इंडिया ए ने इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन केएल राहुल के शतक और ध्रुव जुरेल के अर्धशतक की बदौलत 317 रन 7 विकेट के नुकसान पर बना लिए हैं।

Image

इंडिया ए बनाम इंग्लैंड लॉयंस (साभार BCCI)

नॉर्थम्पटन: सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) की 116 रन की शानदार शतकीय पारी की बदौलत इंडिया-ए ने इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ दूसरे अनधिकृत टेस्ट मैच के बारिश से प्रभावित पहले दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए 83 ओवर में 7 विकेट पर 319 रन बना लिये हैं। दिन का खेल खत्म होने तक तनुश कोटियान (5) और अंशुल कंबोज (1) रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।

खराब रही इंडिया-ए की शुरुआत

इंग्लैंड लॉयन्स (England Lions) ने टॉस जीतकर इंडिया-ए (India A) को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। शुरुआत में लॉयन्स का ये निर्णय सही साबित होता दिखा जब सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन 40 के स्कोर तक 17 और 11 रन की पारियां खेलकर पवेलियन लौट गए थे। दोनों को क्रिस वोक्स ने एलबीडब्लू कर दिया। इसके बाद एक छोर थामे खड़े केएल राहुल को घरेलू टीम कर्नाटक के पूर्व साथी करुण नायर का साथ मिला। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम को 126 रन के स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन इसी स्कोर पर पहले अनाधिकारिक टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले नायर 40 रन बनाकर वोक्स की गेंद पर एलबीडब्लू होकर पवेलियन लौटे। तीसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 87 रन की साझेदारी हुई।

राहुल जुरेल के बीच हुई शतकीय साझेदारी

नायर के आउट होने के बाद राहुल ने अपना अर्धशतक 102 गेंद में 6 चौके की मदद से जड़ा। दूसरे छोर पर उनका साथ देने फॉर्म में चल रहे ध्रुव जुरेल आए। जुरेल ने आते ही तेजी से रन बनाने शुरू किए। जुरेल ने 66 गेंद में 7 चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। जुरेल की बल्लेबाजी देखकर राहुल ने भी गियर बदला। और 151 गेंद पर अपना शतक 13 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 118 गेंद में शतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली और इंडिया-ए को 247 रन तक पहुंचा दिया।

राहुल ने खेली 116 रन की पारी

शतक जड़ने के बाद राहुल अपनी पारी को और बड़ा नहीं कर सके और 116 रन बनाकर जॉर्ज हिल की गेंद पर कैच दे बैठे। राहुल ने 116 रन की पारी में 15 चौके और एक छक्का जड़ा। राहुल जुरेल के बीच 121 रन की साझेदारी हुई। राहुल के आउट होने के थोड़ी देर बाद जुरेल भी जॉर्ज हिल की गेंद पर बोल्ड हो गए। 252 के स्कोर पर आधी इंडिया-ए पवेलियन लौट चुकी थी।

नीतीश रेड्डी ने पहुंचाया 300 के पार

राहुल और जुरेल के जल्दी-जल्दी पवेलियन लौटने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी और शार्दुल ठाकुर ने मोर्चा संभाला। दोनों स्कोर को 285 रन तक ले गए। लेकिन शार्दुल 19(34) रन बनाकर फरहान अहमद की गेंद पर गच्चा खाकर एलबीडब्ल हो गए। इसके बाद नीतीश को तनुष कोटियान का साथ मिला। नीतीश एक छोर से रन बनाते रहे और टीम को 300 रन के पार पुहंचा दिया। 314 के स्कोर पर नीतीश को टॉम हेन्स ने बोल्ड कर दिया। वो 34(87) रन बना सके। 83 ओवर में इंडिया-ए 7 विकेट पर 319 रन बना लिए थे। तभी अंपायर्स ने दिन के खेल की समाप्ति का ऐलान कर दिया। कोटियान 5 और अंशुल कंबोज 1 रन बनाकर खेल रहे थे। इंग्लैंड लॉयन्स के लिए सबसे सफल गेंदबाज क्रिस वोक्स रहे उन्होंने 3 विकेट और जॉर्ज हिल ने 2 विकेट चटकाए। एक-एक सफलता फरहान अहमद और टॉम हेंस को मिली।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article