भारत और वेस्टइंडीज के बीच डोमिनिका में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में रविचंद्रन अश्विन ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। अश्विन ने अल्जारी जोसेफ को आउट कर अंतरराष्ट्रीय करियर का 700 विकेट पूरा कर लिया। इस मैच से पहले उन्हें 700 विकेट पूरा करने के लिए 3 विकेट की दरकार थी, जिसे उन्होंने पहले टेस्ट के दूसरे सेशन में ही हासिल कर लिया। अश्विन ने जोसेफ को इस मैच में अपना तीसरा शिकार बनाया। सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने के मामले में उन्होंने साउथ अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़ दिया। स्टेन के नाम 699 अंतरराष्ट्रीय विकेट है।
अश्विन ने दिलाई पहली सफलता
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को पहला झटका रविचंद्रन अश्विन ने दिया। उन्होंने मैच के 13वें ओवर में तेज नारायन चंद्रपॉल को 12 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। वेस्टइंडीज को दूसरा झटका भी अश्विन ने ही दिया जब उन्होंने कप्तान क्रेग ब्रैथवेट को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। वह 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उन्होंने तीसरे विकेट के तौर पर अल्जारी जोसेफ को आउट किया।
तीसरे भारतीय गेंदबाज बने अश्विन
700 या उससे ज्यादा विकेट लेने के मामले में रविचंद्रन अश्विन तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इस सूची में सबसे ऊपर अनिल कुंबले हैं, जिनके नाम 956 अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं। दूसरे नंबर पर हरभजन सिंह हैं जिन्होंने 711 अंतरराष्ट्रीय विकेट चटकाए हैं। ओवरऑल सर्वाधिक विकेट लेने की बात करें तो अश्विन 16वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस सूची में मुथैय्या मुरलीधरन 1347 अंतरराष्ट्रीय विकेट के साथ टॉप पर हैं।
रविचंद्रन अश्विन का क्रिकेट करियर
अश्विन के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 113 वनडे मैच में 151, 65 T20I मैच में 72 और 93 टेस्ट मैच में 477 विकेट चटकाए हैं।
