INDIA Bloc Protest: कांग्रेस सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में एक बड़ो विरोध प्रदर्शन का आयोजन करने वाली है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लोकतंत्र के भविष्य को लेकर चिंतित भारतीयों से दिल्ली में आयोजित होने वाले बड़े विरोध मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश को जाना ही होगा। कोई पीछे नहीं हटेगा।
कांग्रेस का सोमवार को बड़ा मार्च
वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए देशवासियों से सोमवार को प्रस्तावित विरोध मार्च में शामिल होने की गुहार लगाई। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर 'वोट चोरी' के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ''मोदी-शाह के नेतृत्व वाली सरकार देशभर में वोट चोरी कर रही है। कल, हमने इस मार्च की तैयारियों को लेकर विभिन्न नेताओं के साथ विस्तृत बैठक की।''
विपक्षी सांसद CJI को सौंपेंगे ज्ञापन
उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन के सांसद, नेता, कार्यकर्ता और लोकतंत्र को लेकर चिंतित नागरिक सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विरोध मार्च निकालेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल इस संकट में हस्तक्षेप की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश (CJI) को एक ज्ञापन सौंपेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, चुनाव रद्द करने की मांग... राष्ट्रपति को सौंपे विपक्ष के ज्ञापन में और क्या-क्या?
संसद से विजय चौक तक मार्च
इससे पहले, विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार की शाम संसद परिसर से विजय चौक तक पैदल मार्च किया था और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग की। इस पैदल मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, भाकपा नेता डी राजा सहित अन्य विपक्षी सांसद मौजूद थे।
इसके बाद विपक्षी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार की शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा था।
