क्रिकेट

IND vs WI: दूसरे टेस्ट में शतक से चूककर भी रोहित ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 21, 2023, 11:43 AM IST

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक जड़ने से चूक गए लेकिन उन्होंने रिकॉर्ड्स की झड़ी अपनी 80 रन की पारी के दौरान लगा दी।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

पोर्ट ऑफ स्पेन: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में गुरुवार से शुरू हुए दूसरे टेस्ट में भी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा। डोमिनिका में खेले गए पहले टेस्ट में शतक जड़ने वाले रोहित ने पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट में यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।

यशस्वी के साथ की दूसरी शतकीय साझेदारी

रोहित और यशस्वी की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 139 रन की आतिशी साझेदारी की। यशस्वी के आउट होने के बाद रोहित पिच पर टिके रहे और 143 गेंद में 80 रन बनाकर स्पिनर वारिकन की शानदार गेंद गच्चा खाकर पर बोल्ड हो गए। रोहित विंडीज के खिलाफ लगातार दूसरा शतक तो नहीं जड़ सके लेकिन अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए।

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

रोहित शर्मा अपनी 80 रन की पारी के दौरान एमएस धोनी को पीछे छोड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें पायदान पर आ गए। धोनी के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 17,266 रन दर्ज थे। अब रोहित के नाम 17,281 रन हो गए हैं। रोहित से ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर(34,357), विराट कोहली( 25,461*), राहुल द्रविड़(24,204) और सौरव गांगुली( 18,575) रन बनाए हैं।

भारत के दूसरे सबसे तेज 2 हजारी ओपनर

अपनी 80 रन की पारी के दौरान हिटमैन बतौर ओपनर टेस्ट में 2 हजार रन पूरे करने वाले वीरेंद्र सहवाग के बाद दूसरे सबसे तेज भारतीय बन गए। सहवाग ने बतौर ओपनर 39 टेस्ट पारियों में 2 हजार रन पूरे किए थे। वहीं रोहित को इसके लिए एक पारी ज्यादा खेलनी पड़ी। रोहित ने इस मामले में सुनील गावस्कर और गौतम गंभीर को पीछे छोड़ दिया। इन दोनों ने 43 पारियों में इस आंकड़े को छुआ था।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 2 हजार रन

रोहित शर्मा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 2 हजार रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 40 पारियों में इस आंकड़े को छुआ है। रोहित के बाद डब्लूटीसी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों में दूसरे पायदान पर विराट कोहली हैं। उन्होंने 55 पारियों में 1942* रन बनाए हैं। इस सूची में तीसरे नंबर पर चेतेश्वर पुजारा(1769),चौथे पर अजिंक्य रहाणे(1581) और पांचवें पर ऋषभ पंत (1575) हैं।

स्पेशल क्लब में हुआ शामिल

रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर टेस्ट में दो हजार रन पूरे करते ही एक स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली। रोहित डेविड वॉर्नर और मार्टिन गप्टिल के बाद तीनों फॉर्मेट में बतौर दो हजार रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के

रोहित शर्मा ने विंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट में 2 छक्के अपनी पारी में जड़े। इसके साथ ही वो अंतररराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान 150 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दूसरे भारतीय और पांचवें कप्तान बन गए। इस मामले में पहले पायदान पर इयोन मोर्गन ( 233), दूसरे पर एमएस धोनी(211), तीसरे पर रिकी पॉन्टिंग(171) और चौथे पर ब्रेंडन मैकुलम(170) हैं। रोहित शर्मा (150) के बाद छठे पायदान पर काबिज विराट कोहली ने बतौर कप्तान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 138 छक्के जड़े।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article