क्रिकेट

IND vs PAK: अभिषेक शर्मा से निपटे तो वर्मा जी ने पाकिस्तान को लूट लिया, खेल दी सबसे बड़ी पारी

IND vs PAK: भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी जीत ली। फाइनल में भारत के लिए जीत के हीरो रहे कुलदीप यादव और तिलक वर्मा। कुलदीप ने गेंदबाजी में तो बल्लेबाजी में तिलक वर्मा ने दम दिखाया।

Image

तिलक वर्मा (साभार-AP)

IND vs PAK: भारत ने तिलक वर्मा की ऐतिहासिक पारी के दम पर पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार एशिया कप जीत लिया है। आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। भारत की ओर से विजयी शॉट पहली बार खेल रहे रिंकू सिंह ने खेला। उन्होंने हारिस रउफ की गेंद पर चौका मारकर टीम इंडिया को जीत दिला दी। तिलक 53 गेंद में 69 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के खिलाफ यह टी20 क्रिकेट में उनकी सबसे बड़ी पारी भी है जो ऐतिहासिक दिन पर आई है। आज ही के दिन 2023 में रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2018 में 7वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाई थी।

एशिया कप फाइनल से पहले शोएब अख्तर से लेकर वसीम अकरम तक का मानना था कि टीम इंडिया को अगर फाइनल में हराना है तो अभिषेक शर्मा को जल्दी आउट करना होगा। कुछ हद तक दोनों सही भी थे, क्योंकि अभिषेक ने पहले लीग स्टेज और फिर सुपर-फोर के मुकाबले में पाकिस्तानी गेंदबाजों की नाक में दम कर दिया था। पहले मुकाबले में अभिषेक ने 238. 46 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंद में 31 रन बनाए तो सुपर-फोर मैच में 39 गेंद में 74 रन कूट डाले। लेकिन कहते हैं न एग्जाम हमेशा आपको चौंकाती है। अक्सर यही होता है कि जिस सवाल की तैयारी करो वो आती नहीं। एशिया कप फाइनल में भी पाकिस्तान के साथ ऐसा ही हुआ। उसने अभिषेक की तैयारी की थी और पेपर में तिलक आ गए।

7वीं गेंद पर आउट हो गए अभिषेक

भारत 147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी और हमेशा की तरह अच्छी शुरुआत की दरकार थी। लेकिन 7वीं ही गेंद पर पाकिस्तान को अभिषेक के रुप में बेशकिमती विकेट मिल गया। लगातार 3 अर्धशतकीय पारी खेलने वाले इनफॉर्म अभिषेक केवल 5 रन बनाकर फहीम अशरफ का शिकार बन गए।

शर्मा जी से निपटे तो वर्मा जी ने लूटा

पाकिस्तान की टीम प्लान के मुताबिक अभिषेक शर्मा से निपटने में कामयाब रही, लेकिन तिलक वर्मा ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मंसूबों पर पानी फेर दिया। तिलक ने 41 गेंद में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पहली हाफ सेंचुरी जड़ दी। इतना ही नहीं उन्होंने चौथे विकेट के लिए पहले संजू सैमसन के साथ 57 रन और फिर 5वें विकेट के लिए शिवम दुबे के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम इंडिया को चैंपियन बना दिया। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 40 गेंद में 60 रन की साझेदारी की। दुबे 22 गेंद में 33 रन की पारी खेलकर आउट हुए।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान के 57 और फखर जमां के 46 रन की पारी के दम पर 146 रन बनाए। भारत के स्पिन गेंदबाजों ने 10 में से 8 विकेट चटकाए। कुलदीप ने 4 विकेट जबकि वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article