क्रिकेट

Asia Cup 2025 Final, IND vs PAK Pitch Report: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले एशिया कप फाइनल मैच की पिच रिपोर्ट

IND vs PAK Pitch Report Today Match In Hindi: आज (28 September 2025) टी20 एशिया कप के फाइनल में चिरप्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान का आमना सामना होने जा रहा है। एशिया कप के 41 साल के इतिहास में दोनों टीमें पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में खिताब के लिए एक दूसरे से भिड़ेंगी। भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप 2025 तीसरी बार एक दूसरे से भिड़ेंगी। एशिया कप के फाइनल मैच का आयोजन भी दुबई में हो रहा है। इससे पहले दोनों टीमों की टक्कर टूर्नामेंट के ग्रुप और सुपर फोर स्टेज में हुई थी जहां टीम इंडिया पूरी तरह से पाकिस्तान पर भारी पड़ी और दोनों मुकाबले अपने नाम कर लिए। ऐसे में यहां हम जानेंगे भारत-पाकिस्तान आज के मैच की पिच रिपोर्ट, कैसे हैं मैदान के आंकड़े और किन खिलाड़ियों पर होंगी प्रशंसकों की नजरें।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान, एशिया कप 2025 फाइनल, पिच रिपोर्ट

Asia Cup 2025 Final, IND vs PAK T20 Pitch Report In Hindi Today Match: एशिया कप 2025 अपने अंतिम पड़ाव यानी फाइनल (Asia Cup Final) तक पर पहुंच गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार खिताबी भिड़ंत होने जा रही है। भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच मौजूदा टूर्नामेंट में ये तीसरी भिड़ंत होगी। ये मुकाबला भी पिछले दो भारत-पाक मैच की तरह दुबई (Dubai) के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले जब टीम इंडिया और पाकिस्तान क्रिकेट टीम की एशिया कप 2025 के ग्रुप और सुपर फोर राउंड में भिड़ी थीं तब भारत ने ग्रुप दौर के मुकाबले में पाकिस्तान को 25 गेंदें बाकी रहते 7 विकेट से मात दी थी। इसके बाद सुपर फोर राउंड में हुए मैच में 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब मामला खिताबी जीत का है, भारतीय टीम टूर्नामेंट में अजेय रही है और 6 मैच में 6 जीत के साथ फाइनल तक पहुंची है। वहीं पाकिस्तान की टीम को 6 में से 4 मैच में जीत मिली है। टीम इंडिया के खिलाफ ही उसे टूर्नामेंट में दो बार हार का मुंह देखना पड़ा था। ऐसे में पाकिस्तान इस मैच में जीत दर्ज करके पिछली दो हार का बदला लेना चाहेगी और भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ जीत की हैट्रिक पूरी करके खिताब अपने नाम करना चाहेगी। खिताबी मुकाबला दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है। दोनों टीमों की साख इस मैच के परिणाम पर निर्भर है। आज भारत-पाक मैच में पाकिस्तानी टीम की अगुवाई सलमान आगा (Salman Agha) करते दिखेंगे, वहीं टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के हाथों में होगी। पिछले दो मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच की दूसरी और विवाद सुर्खियों में रहे हैं। आईसीसी द्वारा पाकिस्तान के हारिस रऊफ, साहिबजादा फरहान और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के खिलाफ आचारसंहित के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई करने की भी रिपोर्ट आई हैं। ऐसे में फाइनल मैच में क्या होता है ये देखना बेहद दिलचस्प होगा।

आज होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच से पहले दोनों टीमों के ट्रैक रिकॉर्ड व आंकड़ों की बात कर लेते हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 12 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच जीतने में सफल हो पाई है। टी20 फॉर्मेट में होने वाले एशिया कप में दोनों के बीच 5 मैच हुए हैं, जिनमें से 4 मैच भारत ने अपने नाम किए हैं। जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक मैच जीत सका है। दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों का आमना-सामना 5 बार हुआ है जिसमें से दो मैचों में पाकिस्तान और तीन मैच में टीम इंडिया जीतने में सफल रही है, इसमें मौजूदा एशिया कप की ग्रुप और सुपर फोर राउंड के मैच भी शामिल है।

भारत बनाम पाकिस्तान आज के टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs PAK Pitch Report Today Match)

एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला आज दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Dubai International Cricket Stadium) में खेला जाना है। इसी मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा एशिया कप का ग्रुप और सुपर फोर राउंड के मैच भी हुए थे। ग्रुप स्टेज के मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन ही बना सकी थी। जवाब में भारत ने आसानी से 15.5 ओवर में सिर्फ 3 विकेट गंवाते हुए लक्ष्य हासिल करके सात विकेट से जीत दर्ज कर ली थी। इसके बाद सुपर फोर राउंड के मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 171 रन का स्कोर खड़ा किया था। भारतीय टीम ने इसके बाद विजयी लक्ष्य को 18.5 ओवर में 6 विकेट रहते हासिल कर लिया था। एशिया कप 2025 में अब तक दुबई के मैदान पर 10 टी20 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें शुरुआती दो मैच काफी कम स्कोर वाले मैच रहे थे जहां एक में भारत ने यूएई को 57 रन पर ऑल-आउट करने के बाद 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। जबकि अगले मैच में इसी मैदान पर पाकिस्तान ने ओमान के खिलाफ 160 रन बनाने के बाद ओमान की पारी को 67 रन पर समेट दिया था। हालांकि इन दोनों मैचों के बाद अगले चार मैचों में यहां स्कोर बढ़ता चला गया। अगर यहां खेले गए आखिरी मैच की बात करें तो वो शनिवार रात सुपर-4 के पहले मुकाबले में श्रीलंका-बांग्लादेश की दुबई में भिड़ंत हुई थी। उस मैच में श्रीलंका ने 169 रनों का लक्ष्य दिया था और मैच अंतिम ओवर तक गया जहां श्रीलंका ने 1 गेंद बाकी रहते जीत हासिल कर ली थी। भारत और श्रीलंका के बीच दुबई में खेला गया सुपर फोर राउंड का आखिरी मैच हाई स्कोरिंग और रोमांचक रहा। भारत ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 202 रन बनाए थे। इसके बाद श्रीलंका की टीम भी 20 ओवर में 5 विकेट पर 202 रन बना सकी। मैच टाई हुआ और इसके बाद हार जीत का फैसला सुपर ओवर के जरिए हुआ। ऐसे में इस पिच पर रन बनाने की गुंजाइश भी है और दूसरी तरफ शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों से संभलकर रहना होगा,जबकि उसके बाद स्पिनर्स हर मैच में हावी रहे हैं। बैटिंग के लिए पिच थोड़ी आसान होती दिखी है। ऐसे में भारत पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबले में भी रनों का अंबार लग सकता है। हालांकि स्पिनर्स बीच के ओवरों में बेहद प्रभावी साबित हो सकते हैं।

दुबई में खेले गए पिछले 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के नतीजे और स्कोरकार्ड (Scorecards And Results Of Last 5 T20 Matches At Dubai)

तारीखटीमेंमैच का स्कोरकार्डनजीता
26 सितंबर, 2025भारत बनाम श्रीलंकाभारत 202/5 रन, श्रीलंका 202/5 रनमैच टाई(भारत सुपर ओवर में जीता)
25 सितंबर, 2025पाकिस्तान बनाम बांग्लादेशपाकिस्तान 135/8 रन (20 ओवर), बांग्लादेश 124/9 रन (20 ओवर)पाकिस्तान 11 रन से जीता
24 सितंबर, 2025भारत बनाम बांग्लादेशभारत 168/6 रन (20 ओवर), बांग्लादेश 127/10 (19.3 ओवर)भारत 41 रन से जीता
21 सितंबर, 2025भारत बनाम पाकिस्तानपाकिस्तान 171/5 (20 ओवर )भारत 174/4 (18.5) ओवरभारत 6 विकेट से जीता
20 सितंबर, 2025श्रीलंका बनाम बांग्लादेश श्रीलंका 168/7 (20 ओवर),बांग्लादेश 169/6 (19.5 ओवर)बांग्लादेश 4 विकेट से जीता

भारत-पाक फाइनल मैच में आज इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In IND vs PAK Final Match)

टी20 एशिया कप में आज होने वाले इंडिया-पाकिस्तान मैच में तमाम धुरंधर मैदान पर होंगे। भारत की बात करें तो युवा ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma), उपकप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill), कप्तान सूर्यकुमार, तिलक वर्मा (Tilak Varma), हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya), वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy), कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) और अगर शिवम दुबे(Shivam Dubey) से उम्मीदें रहेंगी। वहीं, पिछले मैच में संजू सैमसन (Sanju Samson) ने श्रीलंका के खिलाफ अच्छी पारी खेली और तिलक वर्मा भी 49 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बात करें तो उनकी सबसे ज्यादा आस तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Shah Afridi) से होगी, वहीं, अब तक फ्लॉप रहने वाले सईम अयूब (Saim Ayub), फखर जमां (Fakhar Zaman) और हारिस रऊफ (Haris Rauf) पर उनके फैंस की नजरें टिकी रहेंगी। साहिबजादा फरहान ने भारत के खिलाफ सुपर फोर राउंड में अर्धशतक जड़ा था ऐसे में उनपर भी प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।

इंडिया और पाकिस्तान की टी20 टीमें (India And Pakistan Full T20 Squads For Asia Cup 2025)

टीम इंडिया टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।

पाकिस्तान टी20 टीमः सलमान आगा(कप्तान), फखर जमां, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद हारिस, साहिबजादा फरहान, अबरार अहमद, हारिस रऊफ, हसन अली हसन अली, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, मोहम्मद वसीम जूनियर, खुशदिल शाह, सईम अयूब, हुसैन तलत और फहीम अशरफ।

आज दुबई में कैसा रहेगा मौसम (Dubai Weather Today)

भारत-पाकिस्तान मुकाबला आज दुबई में होने वाला है तो यहां के मौसम से जुड़ी जानकारी भी आपको दे देते हैं। दुबई में बारिश के वैसे ही कोई आसार नहीं हैं, लेकिन गर्मी हमेशा की तरह बहुत ज्यादा होने वाली है। उमस भी यहां काफी रहेगी। दुबई में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने के आसार हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री तक रहने का अनुमान है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article