क्रिकेट

IND vs ENG Women 1st T20I: भारत-इंग्लैंड पहले महिला टी20 का मंच तैयार, वर्ल्ड कप से पहले की तैयारी आजमाएंगी खिलाड़ी, जानिए मैच का समय

IND Women vs ENG Women T20I Series 2026: अगले महीने शुरू होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय महिला टी20 टीम इंग्लैंड दौरे पर है जहां वो मेजबान टीम के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज और एक टेस्ट मैच खेलेगी। सीरीज का पहला टी20 मैच गुरुवार को खेला जाएगा। यहां जानिए इस मैच से जुड़ी सभी जानकारियां।

Image

भारत-इंग्लैंड महिला टी20 सीरीज 2026 (Instagram/Harmanpreetkaur/Natsciverbrunt)

ENG-W vs IND-W T20I Series 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम अगले महीने होने वाले महिला टी20 विश्व कप विश्व कप के लिए अपनी अंतिम तैयारी के तौर पर बृहस्पतिवार से यहां शुरू हो रही तीन मैच की श्रृंखला में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ अपनी निरंतरता दोबारा हासिल करने और सर्वश्रेष्ठ टीम संयोजन तय करने की कोशिश करेगी। मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा।

टी20 विश्व कप 12 जून से शुरू हो रहा है और इस वैश्विक टूर्नामेंट को देखते हुए हरमनप्रीत कौर की टीम के लिए यह दौरा और भी ज्यादा अहम हो जाता है। भारतीय टीम ने पिछले एक साल में कई बार शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन लगातार लय बनाए रखने में उसे संघर्ष करना पड़ा है। टी20 विश्व कप के लिए भारत की तैयारियां मिली-जुली रही हैं। टीम ने पिछले साल दिसंबर में घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 5-0 से शानदार जीत के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद टीम ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचते हुए 2-1 से टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीती, इस तरह उसने एक दशक में वहां पहली द्विपक्षीय सीरीज जीती।

ऑस्ट्रेलिया में मिली यह जीत उस टीम के लिए एक बड़ा कदम मानी गई जिसे अक्सर विदेशों में खासकर दबाव वाले हालात में संघर्ष करना पड़ता था। बल्लेबाजों का आक्रामक रवैया और गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अच्छे संकेत थे। हालांकि इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम की लय बिगड़ गई और भारत को 1-4 से निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। वहां के हालात ने इस बड़े टूर्नामेंट से पहले टीम की कई कमियों को उजागर कर दिया।

बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी दिखी, मध्यक्रम मैच खत्म करने में संघर्ष करता रहा और गेंदबाजी आक्रमण भी अहम मौकों पर नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। पूरी सीरीज के दौरान भारतीय टीम लय में नहीं दिखी। इसलिए इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज भारत को 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले टी20 विश्व कप मैच से पहले इन कमियों पर काम करने का मौका मुहैया कराएगी।

तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी के संभालने की उम्मीद है। इसके अलावा टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ी नंदिनी शर्मा को भी कुछ मैच खेलने का मौका दे सकता है क्योंकि इस युवा गेंदबाज ने महिला प्रीमियर लीग में अपनी तेज गेंदबाजी के कौशल से सभी को प्रभावित किया था।

भारत की तेज गेंदबाजों को दक्षिण अफ्रीका में संघर्ष करना पड़ा था और इंग्लैंड के हालात में सीम गेंदबाजी को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में मेहमान टीम की तेज गेंदबाजों को शुरुआत से ही ज्यादा अनुशासित और सतर्क रहना होगा। हालांकि राधा यादव और यास्तिका भाटिया की अब वापसी हुई है जो दक्षिण अफ्रीका सीरीज में नहीं खेल पाई थीं जो टीम के लिए सकारात्मक पहलू है। भारत की पहली पसंद की विकेटकीपर भाटिया एसीएल चोट के कारण टीम से बाहर थीं।

राधा की वापसी से स्पिन विभाग को अहम अनुभव मिलेगा जिसमें दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल भी शामिल हैं। भारत को पिछले साल इंग्लैंड दौरे से भी आत्मविश्वास मिलेगा जब उन्होंने मेजबान टीम पर 3-2 से जीत हासिल करके इंग्लैंड की धरती पर अपनी पहली द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीती थी।

वहीं इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद यह श्रृंखला खेल रही है। लेकिन उसे अपनी नियमित कप्तान नैट साइवर-ब्रंट की कमी खलेगी जो अपनी पिंडली की चोट से उबर रही हैं। लेकिन मेजबान टीम को स्टार बल्लेबाज डैनी वाट हॉज की वापसी से मजबूती मिली है जो हाल में मातृत्व अवकाश से लौटीं हैं।

टीमें इस प्रकार हैं

भारतीय टीम हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।

इंग्लैंड की टीम: एम ओर्लोट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फिलर, एमी जोन्स, नैट साइवर-ब्रंट, पेज स्कोफील्ड, लिन्से स्मिथ, डैनी वाट हॉज, इसी वोंग।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article