IND vs ENG T20I: इंग्लैंड टी20 टीम के कप्तान जोस बटलर (Jos Buttler) का मानना है कि उनकी टी20 टीम में लेग स्पिनर आदिल रशीद सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी है जिन्होंने भारत के खिलाफ तीसरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया। रशीद की शानदार गेंदबाजी से इंग्लैंड ने तीसरा टी20 जीतकर श्रृंखला में वापसी की। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर एक विकेट चटकाया। चेन्नई में दूसरे टी20 में भी उनका इकॉनमी रेट चार रन प्रति ओवर से कम था।
टीम इंडिया के खिलाफ राजकोट में मिली 26 रन से जीत के बाद कप्तान जोस बटलर ने कहा, "वो (रशीद) हमारे लिये सबसे अहम खिलाड़ी है और उसके प्रदर्शन में लगातार निखार आ रहा है। उसके पास काफी विविधता है। एक कप्तान के लिये वो ट्रंपकार्ड से कम नहीं है। पिछले दोनों मैचों में उसने शानदार प्रदर्शन किया है।"
हम सही दिशा में हैं
इस 5 मैचों की सीरीज में अभी दो टी20 मुकाबले बाकी हैं। सीरीज में अभी 1-2 से पीछे होने के बावजूद जोस बटलर ने कहा कि उनकी टीम सही दिशा में जा रही है। उन्होंने कहा, "मैं अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश हूं। लिवी (पांच छक्के लगाने वाले लियाम लिविंगस्टोन) ने जबर्दस्त छक्के लगाये। उसके अलावा रश (रशीद) और वुडी (मार्क वुड) को भी श्रेय जाता है जिन्होंने आखिरी विकेट के लिये 20 रन जोड़े। मुझे पता था कि 170 का स्कोर अच्छा है।"
आक्रामक होते जाएंगे हम
बटलर ने आगे कहा, "हम इसी शैली में आगे खेलते रहेंगे। गेंद और बल्ले दोनों से आक्रामक प्रदर्शन करेंगे।" अगर इंग्लैंड चौथा टी20 मैच जीतने में सफल रहा था तो सीरीज बेहद रोमांचक हो जाएगी क्योंकि स्कोरलाइन 2-2 से बराबरी पर आ जाएगी और फिर अंतिम मैच में खिताब का निर्णय होगा। सीरीज का चौथा टी20 मैच 31 जनवरी को पुणे के स्टेडियम में खेला जाना है।
