क्रिकेट

IND vs BAN 3rd T20 Pitch Report: भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

IND vs BAN 3rd T20 Pitch Report In Hindi: आज (12 October 2024) टीम इंडिया और मेहमान बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बीच तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के तीसरे व अंतिम मुकाबले में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच आज का मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर अजेय बढ़त बना ली है और अब वो हैदराबाद के ग्राउंड पर क्लीन स्वीप करने के इरादे से आज उतरेंगे। यहां जानिए भारत-बांग्लादेश तीसरे टी20 की पिच रिपोर्ट और कुछ खास आंकड़े।

Image

भारत-बांग्लादेश तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम बांग्लादेश टी20 सीरीज 2024
  • आज भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरा टी20 मुकाबला
  • तीसरे टी20 का आयोजन हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में होगा

IND vs BAN 3rd T20 Pitch Report In Hindi Today Match: भारतीय क्रिकेट टीम और बांग्लादेश के बीच आज तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा। ये तीन टी20 मैचों की मौजूदा सीरीज का तीसरा व आखिरी मुकाबला होगा। टीम इंडिया ने ग्वालियर और दिल्ली में खेले गए शुरुआती दो मुकाबलों में शानदार अंदाज में जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अब भारतीय टीम आज हैदराबाद (Hyderabad) के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले तीसरे टी20 मैच में जीत हासिल करके क्लीन स्वीप करना चाहेगी। मैच का आगाज शाम 7:00 बजे से होगा। टॉस 6:30 बजे होगा। टीम इंडिया की कप्तानी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) करेंगे। जबकि बांग्लादेशी टी20 टीम की अगुवाई नजमुल हुसैन शान्तो (Najmul Hossain Shanto) करेंगे।

टीम इंडिया अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बांग्लादेश के खिलाफ आंकड़ों की टक्कर में और भी मजबूत हो चुकी है। दोनों टीमों के बीच अब तक टी20 इतिहास में 16 मैच हो चुके हैं जिसमें 15 मुकाबले भारत ने जीते हैं। जबकि बांग्लादेश की टीम ने इन मैचों में सिर्फ एक बार जीत दर्ज की है जो उन्हें 6 साल पहले हासिल हुई थी। उसके बाद से उनकी टीम भारत के खिलाफ टी20 में अपनी दूसरी जीत के लिए अब भी तरस रही है। आज हैदराबाद में होने वाले तीसरे टी20 मैच में सबकी नजरें पिछले मैच के हीरो नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) की बल्लेबाजी पर टिकी होंगी। इसके अलावा देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन हर्षित राणा (Harshit Rana) को उनका पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका देते हैं या नहीं क्योंकि आईपीएल 2025 की रिटेंशन लिस्ट से आने पहले ये आखिरी मौका होगा उनके लिए अनकैप्ड से कैप्ड खिलाड़ी बनने का। अनकैप्ड खिलाड़ी को अधिकतम 4 करोड़ रुपये मिल सकते हैं जबकि नए नियमों के तहत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके कैप्ड खिलाड़ी की कीमत कम से कम 11 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी।

भारत-बांग्लादेश तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs BAN 3rd T20 Pitch Report)

आज भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाने वाला तीसरा व अंतिम टी20 मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाला है। इस मैदान की पिच की बात करें तो ये बल्लेबाजों के लिए भारत में सबसे फायदेमंद पिचों में गिनी जाती है। आईपीएल 2024 में इस मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी करते हुए कई बड़े स्कोर बनाए थे और इतिहास भी गवाह है कि यहां अंतरराष्ट्रीय मैचों में तमाम बड़े स्कोर बने हैं। चाहे टीम पहले बल्लेबाजी करे या बाद में, बल्लेबाजों के लिए हर गेंद पर मौका आएगा। गेंदबाजों में इस पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों पर निर्भर रहना होगा जबकि बीच के ओवरों में स्पिनर्स कुछ फायदा पहुंचाते नजर आ सकते हैं।

बांग्लादेश के लिए इस मैदान से जुड़ी हैं भयानक यादें

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से बांग्लादेश क्रिकेट टीम की बहुत बुरी यादें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने इस मैदान पर सिर्फ एक टी20 सीरीज खेली है और वो सीरीज अफगानिस्तान के खिलाफ हुई थी। न्यूट्रल वेन्यू पर खेल रही दोनों टीमों से कड़ी टक्कर की उम्मीद थी। लेकिन अफगानिस्तान ने बड़ा उलटफेर करते हुए बांग्लादेश को तीनों मैचों में शिकस्त देते हुए क्लीन स्वीप कर दिया था।

हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में पिछले 5 टी20 मैचों के नतीजे (Last 5 T20 Matches Results In Hyderabad)

तारीख टीमें मैच का नतीजा
3 जून 2018 अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश अफगानिस्तान 45 रन से जीता
5 जून 2018 अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश अफगानिस्तान 6 विकेट से जीता
7 जून 2018 अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश अफगानिस्तान 1 रन से जीता
6 दिसंबर 2019 भारत बनाम वेस्टइंडीज भारत 6 विकेट से जीता
25 सितंबर 2022 भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया भारत 6 विकेट से जीता

भारत और बांग्लादेश की टीमें (India And Bangladesh T20 Squads)

भारत की टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संंजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, मयंक यादव, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा, रियान पराग और नितीश कुमार रेड्डी।

बांग्लादेश की टी20 टीमः नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), लिटन दास, महमुदुल्लाह, जेकर अली अनिक, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीद हसन तमीम, परवेज हुसैन एमोन, तौहीद हृदोय, तस्कीन अहमद, रकीबुल हसन, शोरफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब, मेहदी हसन मिराज, महेदी हसन और रिशाद हुसैन।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article