क्रिकेट

IND vs AUS: एडिलेड टेस्ट से पहले मिचेल जॉनसन ने उठाई स्मिथ के साथी को बाहर करने की मांग, ऑस्ट्रेलिया को उठाना होगा बड़ा कदम

IND vs AUS 2nd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत 6 दिसंबर 2024 से हो रही है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11 को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी बीच मिचेल जॉनसन ने टीम को एक बड़ा सुझाव दे दिया है।

Image

मार्नस लाबुशेन स्टीव स्मिथ (फोटो- ICC)

IND vs AUS 2nd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11 कैसी होगी इसे लेकर अभी तक खुलासा नहीं हुआ है इसी बीच पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया को खराब फॉर्म से जूझ रहे मार्नस लाबुशेन को भारत के खिलाफ छह दिसंबर से शुरू होने वाले दिन-रात्रि एडिलेड टेस्ट की अंतिम एकादश से बाहर कर देना चाहिए।

लाबुशेन ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 52 गेंद पर दो रन और दूसरी पारी में पांच गेंद पर तीन रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया को इस मैच में 295 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।जॉनसन ने ‘नाइटली’ में अपने कॉलम में लिखा कि 'मार्नस लाबुशेन लंबे समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं और एडिलेड में दूसरे टेस्ट मैच में उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को उतारा जाना चाहिए। इसका मतलब यह नहीं है कि पहले टेस्ट मैच में करारी हार के लिए किसी को बलि का बकरा बनाया गया।'

लाबुशेन को खेलना चाहिए घरेलू क्रिकेट

जॉनसन का मानना है कि लाबुशेन को फॉर्म में वापसी करने के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए।उन्होंने कहा कि 'टेस्ट टीम से बाहर करने से उन्हें शेफील्ड शील्ड के कुछ मैचों और क्लब क्रिकेट में खेलने का मौका मिलेगा तथा उन पर देश की तरफ से खेलने का दबाव नहीं होगा। मुझे लगता है कि जसप्रीत बुमराह और उनके साथी गेंदबाजों के सामने उतारने के बजाय घरेलू क्रिकेट में खेलने से लाबुशेन को फायदा मिलेगा।'

लाबुशेन तीसरे नंबर के लिए सही खिलाड़ी नहीं- जॉनसन

जॉनसन ने कहा कि 'पिछली 10 टेस्ट पारियों में वह केवल एक बार दहाई अंक में पहुंचे हैं। वह भले ही क्रीज पर टिके रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन अभी इससे काम नहीं चल रहा है। लाबुशेन को बाहर करने का यह मतलब नहीं होगा कि टेस्ट क्रिकेट में उनका भविष्य अधर में लटक गया है या वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए सही खिलाड़ी नहीं हैं।'

स्टीव स्मिथ का फॉर्म चिंता का विषय

इस पूर्व तेज गेंदबाज ने इसके साथ ही कहा कि सीनियर बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की फॉर्म भी चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि 'स्टीव स्मिथ की फॉर्म गंभीर चिंता का विषय है। ऐसा लगता है कि उन्होंने अपनी चमक खो दी है जिसके हम आदी रहे हैं। वह अपने पैड पर आने वाली गेंदों को नहीं खेल पा रहे हैं जबकि अतीत में वह इस तरह की गेंदों पर आसानी से रन बनाते थे।'

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article