क्रिकेट

IND vs AUS 1st T20 Pitch Report: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

IND vs AUS 1st T20 Pitch Report Today Match In Hindi: आज (29 October 2025) भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज कैनबरा में खेला जाएगा। मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इससे पहले वनडे सीरीज में टीम इंडिया को शिकस्त दी थी। अब भारतीय टी20 टीम उस सीरीज का हिसाब बराबर करना चाहेगी। यहां हम जानेंगे भारत-ऑस्ट्रेलिया पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट और क्या कहते हैं कैनबरा मैदान के आंकड़े।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (X/ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 2025
  • आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी20 मैच
  • पहला टी20 मुकाबला कैनबरा में आयोजित होगा

IND vs AUS 1st T20I Pitch Report In Hindi Today Match: ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही क्योंकि तीन वनडे मैचों की सीरीज में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि अंतिम वनडे मैच में विराट कोहली और रोहित शर्मा के दम पर मिली जीत ने भारतीय खेमे का हौसला जरूर बढ़ाया होगा। अब आज से भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) की टी20 टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज की शुरुआत कैनबरा (Canberra) से होने जा रही है। भारतीय टी20 टीम की अगुवाई सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) करेंगे। जबकि मेजबान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की कमान मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) के हाथों में है। भारत-ऑस्ट्रेलिया पहला टी20 मैच आज भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 1:45 बजे से शुरू होगा।

आज होने वाले भारत-ऑस्ट्रेलिया पहले टी20 मैच से पहले आइए जान लेते हैं कि दोनों टीमों के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आंकड़ा का इतिहास कैसा रहा है। अब तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 क्रिकेट इतिहास में 32 मैच खेले जा चुके हैं। इन मैचों में भारत का पलड़ा ही भारी रहा है। भारत ने 20 बार ऑस्ट्रेलियाई टीम को मात दी है। जबकि ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 11 टी20 मैचों में टीम इंडिया के खिलाफ जीत मिली है। वहीं एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था। अगर बात करें ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर इन दोनों टीमों के बीच हुए टी20 मैचों की, तो अब तक ऑस्ट्रेलिया में दोनों देशों के बीच 12 टी20 मैच हो चुके हैं जिसमें 7 बार टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में मात दी है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने घर में 4 मैचों में ही भारत को हराया है।

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs AUS 1st T20 Pitch Report)

टीम इंडिया और मेजबान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बीच आज खेला जाने वाला पहला टी20 मुकाबला कैनबरा के मनुका ओवल (Manuka Oval) मैदान पर खेला जाएगा। कुल 13000 दर्शक संख्या वाले इस मैदान की पिच की बात करें तो यहां पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों को बराबर मदद मिलती रही है। यहां पर अब तक का सर्वाधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर इंग्लैंड के नाम दर्ज है जिसने 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7 विकेट गंवाकर 178 रन बनाए थे। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए यहां सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया ने 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ हासिल किया था जब उन्होंने 151 रनों का टारगेट हासिल कर लिया था। इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 144 रन है। मनुका ओवल मैदान पर अब तक सिर्फ 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच हुए हैं जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 2 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि उतने ही मैचों में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस मैदान पर अब तक सिर्फ एक टी20 मुकाबला साल 2020 में खेला गया था जिसमें भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 162 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 150 रन ही बना सकी थी और मैच 11 रनों से गंवा दिया था।

ऑस्ट्रेलिया और भारत की T20 टीमें (Australia And India T20 Squads)

ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जोश हेजलवुड (मैच 1–2), ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल (मैच 3–5), मिशेल ओवेन, जोश फिलिप, मैथ्यू शॉर्ट, एडम ज़म्पा, सीन एबॉट (मैच 1–3) और मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन (मैच 3–5), टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस (मैच 4–5) और नाथन एलिस।

भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उप-कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और जितेश शर्मा।

आज कैसा रहेगा कैनबरा का मौसम (Canberra Weather Today)

टी20 सीरीज में भारत और ऑस्ट्रेलिया का पहला सामना ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में होने वाला है। कैनबरा के मौसम की बात करें तो आज यहां हल्की बारिश का अनुमान है और उमस भी रहेगी। मौसम यहां ठंडा रहने वाला है। कैनबरा में आज अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेंटीग्रेड रहने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article