क्रिकेट

IND U19 vs AUS U19 Youth Test: वैभव सूर्यवंशी हुए फेल तो गेंदबाजों ने संभाला मोर्चा, भारत ने 2-0 से जीती सीरीज

IND U19 vs AUS U19: भारत की अंडर-19 टीम ने मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे यूथ टेस्ट को 7 विकेट से जीता। इसी के साथ भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी के घर टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है।

Image

भारतीय अंडर 19 टीम (फोटो- Henilpatelinstagram)

IND U19 vs AUS U19: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रच दिया है। मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे यूथ टेस्ट में भारत ने मेजबान टीम को 7 विकेट से हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। यह जीत इसलिए खास रही क्योंकि इससे पहले भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। यानी भारत ने इस दौरे पर ऑस्ट्रेलिया को सभी प्रारूपों में पराजित किया।

वनडे में क्लीन स्वीप के बाद टेस्ट में भी कायम रहा दबदबा

भारत ने 21 से 26 सितंबर के बीच खेली गई तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 3-0 से जीती, जिसके बाद टीम ने ब्रिस्बेन में पहला यूथ टेस्ट भी पारी और 58 रनों के अंतर से अपने नाम किया। इस तरह ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास दूसरे टेस्ट में सीरीज बराबर करने का आखिरी मौका था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के आगे मेजबान टीम एक बार फिर बिखर गई।

पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया सस्ते में ढेर, भारत ने हासिल की बढ़त

दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम महज 135 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से एलेक्स ली यंग ने सबसे ज्यादा 108 गेंदों में 66 रन बनाए और बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके।भारत की ओर से हेनिल पटेल और खिलन पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए।

इसके जवाब में भारतीय अंडर-19 टीम ने 171 रन बनाकर पहली पारी में 36 रनों की अहम बढ़त हासिल की।भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन (28 रन) और खिलन पटेल (26 रन) ने टीम को स्थिरता दी। गेंदबाजी में केसी बार्टन ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से 57 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।

दूसरी पारी में फिर ढह गया ऑस्ट्रेलिया का बल्लेबाजी क्रम

पहली पारी में पिछड़ने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आई। पूरी टीम 116 रन पर ऑलआउट हो गई।एक बार फिर एलेक्स ली यंग ही सर्वाधिक स्कोरर रहे, जिन्होंने 78 गेंदों में 38 रन बनाए।भारत की ओर से हेनिल पटेल और नमन पुष्पक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि बाकी गेंदबाजों ने भी दबाव बनाए रखा।

भारत ने 81 रन का लक्ष्य 12.2 ओवर में किया हासिल

ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के बाद भारत को सिर्फ 81 रन का आसान लक्ष्य मिला, जिसे मेहमान टीम ने 12.2 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।वेदांत त्रिवेदी ने 35 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 33 रन बनाए और टीम को जीत की राह पर रखा।कप्तान आयुष म्हात्रे और राहुल कुमार ने भी 13-13 रन जोड़कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

युवा टीम का शानदार प्रदर्शन, विदेशी सरजमीं पर ऐतिहासिक सफर

भारत की अंडर-19 टीम का यह दौरा शानदार रहा। टीम ने पहले वनडे और फिर टेस्ट सीरीज में लगातार 5 मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया में क्लीन स्वीप किया।युवा खिलाड़ियों ने दिखाया कि भारत की क्रिकेट की नई पीढ़ी कितनी प्रतिभाशाली और संतुलित है।हेनिल पटेल, खिलन पटेल और वेदांत त्रिवेदी जैसे खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया।

अगली पीढ़ी के लिए मजबूत संदेश

इस जीत ने यह साबित कर दिया कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। विदेशी परिस्थितियों में दबाव के बावजूद टीम इंडिया के इन युवा खिलाड़ियों ने न सिर्फ जीत दर्ज की बल्कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हर फॉर्मेट में मात दी।

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुन... और देखें

End of Article