Pakistan vs New Zealand 5th T20 Match: इफ्तिखार अहमद की घातक गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान टीम ने न्यूजीलैंड को 42 रन से हराया। टीम की यह पांच टी20 मैचों की सीरीज में पहली जीत है। पाक टीम को सीरीज के शुरुआत चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। इसी जीत के बाद भी न्यूजीलैंड ने पांच टी20 मैचों की सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया। क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल स्टेडियम में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में मेहमान टीम पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए और मेजबान न्यूजीलैंड को 135 रन का आसान लक्ष्य दिया। लेकिन न्यूजीलैंड की टीम उसको भी हासिल करने में नाकाम रही और 17.2 ओवर में 92 रन पर ऑलआउट हो गई।
रिजवान और फखर ने टीम को संभाला
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम को पहले ओवर की तीसरी गेंद पर पहला झटका लगा था। हसीबुल्लाह खान बिना खाता खोले वापस लौट गए थे। बाबर आजम भी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। वे महज 13 रन पर आउट हो गए। वहीं, मोहम्मद रिजवान और फखर जमान ने टीम को संभाला। मोहम्मद रिजवान ने 38 रन बनाए, जबकि फखर जमान ने 33 रन बनाए। वहीं, न्यूजीलैंड के टिम साउदी, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन और ईश सोढ़ी ने दो-दो विकेट चटकाए।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी रही खराब
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 17.2 ओवर में 92 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की बल्लेबाजी की बात करें तो सीरीज के पांचवें मुकाबले में खराब रही। टीम के सिर्फ दो खिलाफ ही 20+ स्कोर कर पाए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए, जबकि फिन एलन 22 रन पर आउट हो गए। वहीं, वनडे वर्ल्ड कप में धमाकेदार बल्लेबाजी करने वाले रचिन रवींद्र का बल्ला शांत देखने को मिला। उन्होंने दो गेंदों का सामना किया और महज एक रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान मिचेल सेंटनर भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वे महज 4 रन बनाकर आउट हो गए। पाकिस्तान के इफ्तिखार अहमद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट, जबकि शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद नवाज ने दो-दो विकेट चटकाए।
