Gorakhpur Link Expressway Accident: अंबेडकरनगर जिले में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जैतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर लखनऊ से गोरखपुर जा रही एक तेज रफ्तार वोल्वो बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में मौके पर ही 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
किलोमीटर संख्या 85 पर हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 85 के पास हुआ। वोल्वो बस लखनऊ से यात्रियों को लेकर गोरखपुर की तरफ जा रही थी। सुबह के समय एक्सप्रेसवे पर रफ्तार तेज होने के कारण बस चालक का नियंत्रण छूट गया और बस आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और एक्सप्रेसवे पर गुजर रहे अन्य वाहन चालक चौंक गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।
राहत एवं बचाव कार्य जारी, घायलों की हालत नाजुक
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय जैतपुर थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 4 यात्रियों को अत्यंत गंभीर स्थिति में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
