मैनचेस्टर: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को रविवार को विमेंस टी20 विश्व कप 2026 के अपने तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए 158 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अनुभवी मारिजान काप के अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 81*(45) की बदौलत हासिल कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में हार के साथ भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को करारा झटका लगा है। टीम इंडिया को दो मुकाबले बचे हैं। एक मुकाबला उसे बांग्लादेश के खिलाफ 25 जून को और दूसरा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 28 जून को खेलना है। इन दो मुकाबलों में जीत टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे खेल सकती है। एक भी मुकाबले में हार उसके लिए सेमीफाइनल के दरवाजे बंद कर देगी।
हाथ आए मौकों का नहीं उठा पाए फायदा
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, हमें बीच में कुछ मौके मिले लेकिन हम उनका फायदा नहीं उठा पाए। हमारे दो मैच और हैं और यही सकारात्मक रहने का समय है। श्री चरणी और शेफाली ने अच्छी गेंदबाज़ी की लेकिन फील्डर्स ने उनका साथ नहीं दिया। इस स्तर पर हमें मौकों का फायदा उठाना होगा। इस मामले में हमारी किस्मत अच्छी नहीं रही। हमारे दो मैच बचे हैं और अब उन्हीं के बारे में सोचने का समय है। हम बैठकर सोचेंगे कि आगे क्या करना है और फिर देखेंगे कि क्या बदलाव करने की ज़रूरत है।
मारीजान काप के कैच छोड़ना पड़ा भारी
मारीजान काप की पारी की तारीफ करते हुए हरमन ने कहा, उन्होंने हमसे मैच छीन लिया। उन्होंने हमें दो मौके दिए और वो मैच के अहम पल थे,उन्हीं पलों ने हमसे मैच छीन लिया। गेंद टर्न हो रही थी। शेफाली और श्री चरणी ने वाकई बहुत अच्छा खेल दिखाया।
अच्छा रहा 200 मैच का सफर
अंतरराष्ट्रीय टी20 में अपने 200वें मैच के बारे में हरमनप्रीत ने कहा, इस दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला, कई अच्छे पल रहे और कई ऐसे पल भी आए जब मुझे मजबूत बने रहना पड़ा। अब पॉजिटिव रहने और आने वाले मैचों के बारे में सोचने का समय है। उम्मीद है कि अगले मैचों में हम बेहतर खेलेंगे।
