क्रिकेट

ICC Women's ODI World Cup 2025, IND W vs PAK W: पाकिस्तान के खिलाफ अपनी टीम की ताकत आजमाने उतरेगी टीम इंडिया, आज कोलंबो में खेला जाएगा मुकाबला

IND W vs PAK W Match Preview: भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम के बीच रविवार को कोलंबो में आमना सामना होने जा रहा है। लगातार चौथे रविवार भारत पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान पर भिड़ंत होने जा रही है। राजनीतिक संबंधों के निचले दौर में खेले जा रहे इस मुकाबले पर सबकी नजर होगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

हरमनप्रीत कौर और फातिमा सना

Photo : AP

कोलंबो: भारत और पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच पिछले तीन रविवार नाटकीयता भरे मुकाबलों के बाद अब इस रविवार को दोनों देशों की महिला टीमें यहां वनडे विश्व कप में आमने-सामने होंगी तो क्रिकेट कौशल से ज्यादा जज्बात की जंग रहेगी और भारत का पलड़ा एक बार फिर भारी रहने वाला है। भारत और पाकिस्तान ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तमाम प्रारूपों में 27 मुकाबले खेले हैं जिनमें से भारत ने 24 और पाकिस्तान ने तीन जीते हैं। पाकिस्तान को तीनों जीत टी20 प्रारूप में मिली है। वनडे क्रिकेट में भारत का शत प्रतिशत रिकॉर्ड है जिसमें भारत ने दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी 11 मैच जीते हैं।

टीम इंडिया नापेगी अपनी गहराई

भारत ने विश्व कप में पहले मैच में श्रीलंका को 59 रन से हराया जबकि पाकिस्तान को बांग्लादेश ने सात विकेट से मात दी। पाकिस्तानी बल्लेबाज स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों का सामना नहीं कर सके। सभी टीमें एक एक मैच खेल चुकी हैं और भारत चौथे स्थान पर है। भारतीय टीम की नजरें अब नेट रनरेट बेहतर करने पर लगी होंगी जो टूर्नामेंट के आखिरी चरण में काफी अहम हो जाता है। हरमनप्रीत कौर की टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में उतरेगी। पहले मैच में एक समय छह विकेट 124 रन पर गिरने के बाद निचले मध्यक्रम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 47 ओवर में 250 रन से अधिक का लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ताकत उसकी बल्लेबाजी है लेकिन मजबूत टीमों के खिलाफ बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

पाकिस्तान के लिए बल्लेबाजी है चिंता का विषय

बांग्लादेश और पाकिस्तान के मैच में कोलंबो की पिच से काफी सीम मिल रही थी लिहाजा भारत तेज गेंदबाज रेणुका सिंह को उतार सकता है जो पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला के जरिये चोट के बाद लौटी हैं। वह हालांकि अभ्यास सत्र में लय में नहीं दिखीं। दूसरी ओर पाकिस्तान की चिंता उसकी बल्लेबाजी है। पहले मैच में उसके बल्लेबाजों ने निराश किया और पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। फातिमा सना और डायना बेग ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन स्कोर ही बड़ा नहीं था।

शायद ही मिलें दोनों टीम के खिलाड़ियों के हाथ

पाकिस्तान को सारे मैच एक ही मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा लेकिन भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उसे जीत के लिये चमत्कारिक प्रदर्शन करना होगा। क्रिकेट के अलावा इस मैच को लेकर काफी तनाव भी है। अब वह दिन लद गए जब 2022 विश्व कप में पाकिस्तान की पूर्व कप्तान बिस्माह मारूफ की बेटी के साथ भारतीय खिलाड़ियों को खेलते देखा गया था। पुरूष टीम की तरह भारतीय महिला टीम भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से शायद हाथ नहीं मिलायेगी।

ऐसी हैं दोनों टीम :

भारतीय महिला क्रिकेट टीम:

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रौड्रिग्स, रिचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरूंधति रेड्डी, क्रांति गौड़।

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम:

फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली सिद्दीकी, आलिया रियाज, डायना बेग, ऐमन फातिमा, नशरा सुंधू, नतालिया परवेज, ओमाइमा सोहेल, रमीन शमीम, सदफ शमास, सादिया इकबाल, शावाल जुल्फिकार , सिदरा अमीन, सिदरा नवाज, सईदा आरूब शाह।

मैच का समय : दोपहर तीन बजे से ।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article