क्रिकेट

ICC ने किया भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज की पिच की रेटिंग का ऐलान, जानिए कौन सी पिच रही बेस्ट

आईसीसी ने भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच मैच की टेस्ट सीरीज की पिच और मैदान की रेटिंग जारी कर दी है। जानिए कहां की पिच और मैदान को आईसीसी ने माना बेस्ट।

Image

ओवल क्रिकेट ग्राउंड (फोटो क्रेडिट Ankan Kar X)

नई दिल्ली: इंग्लैंड और भारत के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी को लेकर आईसीसी की ओर से जारी पिच और आउटफील्ड रेटिंग के अनुसार, लीड्स के हेडिंग्ले पिच को 'बहुत अच्छी' रेटिंग मिली है, जबकि बाद के तीन टेस्ट के लिए तैयार की गई पिच को 'संतोषजनक' रेटिंग दी गई है। ये रेटिंग इंग्लैंड और भारत के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली गई सीरीज के 2-2 से ड्रॉ होने के बाद आई है।

लीड्स की पिच और आउटफील्ड को आईसीसी ने बताया बेस्ट

शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने ओवल में खेले गए रोमांचक पांचवें टेस्ट मैच में छह रनों से जीत हासिल की थी। जिसके बाद दोनों टीम के बीच यह सीरीज दो-दो जीत के साथ ड्रॉ हुई। दिलचस्प बात यह है कि सीरीज के सभी मैच पांचों दिन चले, मैनचेस्टर में ड्रॉ हुआ टेस्ट मैच एकमात्र ऐसा मैच था जिसका कोई सीधा नतीजा नहीं निकला। हेडिंग्ले, लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच की पिच और आउटफील्ड दोनों की रेटिंग बहुत अच्छी थी।

अधिकांश पिच रहीं संतोषजनक

एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेले गए दूसरे मैच की पिच रेटिंग 'संतोषजनक' थी। जबकि आउटफील्ड को 'बहुत अच्छा' माना गया था। लॉर्ड्स, लंदन और ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर में खेले गए तीसरे और चौथे टेस्ट मैच के लिए पिच को 'संतोषजनक' और आउटफील्ड को 'बहुत अच्छा' माना गया था, जिसे बरकरार रखा गया। ओवल में खेले गए पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच की पिच और आउटफील्ड रेटिंग की पुष्टि अभी आईसीसी द्वारा नहीं की गई है।

भारत ने गिल की अगुआई में किया शानदार प्रदर्शन

शुभमन गिल के लिए यह श्रृंखला काफी चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों का दिल जीता है। भारत भले ही सीरीज पर कब्जा नहीं कर पाया। लेकिन, सीरीज ड्रॉ कर दिखाया कि विदेशी जमीन पर भारत हर मैच जीतने के इरादे से उतरता है। गिल ने 10 पारियों में 75.40 की औसत से 754 रन बनाए और शीर्ष पर रहे। गिल के बल्ले से चार शतक आए। उन्हें भारत का 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रुक को 53.44 की औसत से 481 रन बनाने के लिए मेजबान टीम का 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article