क्रिकेट

ICC Rankings: आईसीसी रैंकिंग में तिलक वर्मा का जलवा, वरुण चक्रवर्ती को भी बंपर फायदा

ICC T20i Rankings 2025: भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रही पांच मैचों की रोमांचक टी20 सीरीज के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। इसके मुताबिक तिलक वर्मा और वरुण चक्रवर्ती को उनके दमदार प्रदर्शन का फायदा मिला है।

Image

वरुण चक्रवर्ती को फायदा (फोटो- AP)

ICC T20i Rankings 2025: भारत के प्रतिभाशाली बल्लेबाज तिलक वर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की बुधवार को जारी की गई पुरुष टी20 रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि स्पिनर वरुण चक्रवर्ती 25 स्थान की लंबी छलांग लगाकर गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पांच में शामिल हो गए हैं।

वर्मा अब बल्लेबाजों की सूची में ट्रैविस हेड के ठीक पीछे हैं। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ने वर्मा पर 23 अंक की बढ़त बना रखी है।बाएं हाथ के बल्लेबाज वर्मा इस समय शानदार फॉर्म में है और उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ भारत की मौजूदा टी20 श्रृंखला में नाबाद 19, नाबाद 72 और 18 रन बनाए हैं।

वर्मा के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका

भारत और इंग्लैंड के बीच वर्तमान श्रृंखला में अभी दो मैच खेले जाने बाकी हैं तथा वर्मा के पास हेड से आगे निकलने और रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का मौका है। यह रिकॉर्ड वर्तमान में पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम पर दर्ज है, जो 23 साल और 105 दिन की उम्र में नंबर एक पर पहुंचे थे।

वर्मा की 832 अंकों की वर्तमान रेटिंग टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा हासिल की गई चौथी सबसे बड़ी रेटिंग है। खेल के सबसे छोटे प्रारूप में भारत की तरफ से केवल सूर्यकुमार यादव, विराट कोहली और केएल राहुल ही उनसे अधिक रेटिंग अंक हासिल कर पाए।

अभिषेक शर्मा को भी फायदा

भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 59 स्थान की छलांग लगाकर 40वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन (पांच पायदान ऊपर 32वें स्थान पर) और बेन डकेट (28 पायदान ऊपर 68वें स्थान पर) को भी अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिला है।इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मैच में 24 रन देकर पांच क्रिकेट लेने वाले चक्रवर्ती अपने इस करिश्माई प्रदर्शन से गेंदबाजों की रैंकिंग में चोटी के पांच गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं। उनके साथी स्पिनर अक्षर पटेल पांच पायदान ऊपर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद भारत के खिलाफ अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर टी20 अंतरराष्ट्रीय कि गेंदबाजों की रैंकिंग में फिर से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इससे पहले वह 2023 में पहले नंबर पर पहुंचे थे।इस बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।

टेस्ट क्रिकेट में ऑलराउंडर की सूची में वेस्टइंडीज के जोमेल वारिकन 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो पायदान ऊपर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के जो रूट शीर्ष पर बने हुए हैं।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article