स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के टी20 विश्व कप मैचों को भारत से बाहर कराने के अनुरोध को खारिज कर दिया है। ऐसे में भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 ना खेलने को लेकर अड़े बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को बड़ा झटका लगा है। आईसीसी ने बीसीबी के अनुरोध के खिलाफ मतदान किया। 2 सदस्यों ने बीसीबी के पक्ष में तो 14 ने विपक्ष में मतदान किया। बीसीबी को निर्णय लेने के लिए एक और दिन का समय दिया गया है।
बैठक के बाद, आईसीसी ने बीसीबी को बांग्लादेश सरकार को औपचारिक रूप से परिणाम की जानकारी देने को कहा। वैश्विक संस्था ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि यदि बांग्लादेश यात्रा करने के लिए तैयार नहीं होता है, तो उसे टूर्नामेंट से हटा दिया जाएगा और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जाएगा। बीसीबी को अपना अंतिम रुख बताने के लिए एक और दिन का समय दिया गया है।
पाकिस्तान ने किया समर्थन
यह निर्णय बुधवार को आईसीसी बोर्ड की बैठक में लिया गया, जहां अधिकांश निदेशकों ने बांग्लादेश के अपने रुख पर कायम रहने की स्थिति में एक वैकल्पिक टीम के पक्ष में मतदान किया। मीटिंग में उपस्थित 15 निदेशकों में से केवल पीसीबी ने ही बीसीबी का समर्थन किया। यह बैठक पीसीबी द्वारा मंगलवार को आईसीसी और अन्य बोर्डों को लिखे पत्र के बाद बुलाई गई थी, जिसमें उसने टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका में खेलने के बांग्लादेश के अनुरोध का समर्थन किया था।
बांग्लादेश को ग्रुप चरण के चारों मैच भारत में खेलने हैं जिनमें से पहले तीन कोलकाता में और एक मुंबई में होना है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने हालांकि अपनी सरकार के समर्थन से भारत जाने से इनकार किया है और उसके मैच श्रीलंका में कराने की मांग की है। हालांकि, अब बैठक के बाद इस मांग को बड़ा झटका लगा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा टूर्नामेंट
आईसीसी और बीसीबी के बीच इस मसले पर कई बार बात हो चुकी है लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। आईसीसी का कहना है कि टूर्नामेंट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा जबकि बीसीबी भारत टीम नहीं भेजने पर अड़ा है। पीसीबी ने इस मसले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है लेकिन बोर्ड के सूत्रों ने कहा कि बांग्लादेश सरकार ने आईसीसी में सहयोग के लिये पाकिस्तान से संपर्क किया था।
