Gandhinagar: गुजरात की गांधीनगर महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 में से 38 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को महज 5 सीटों से ही संतोष करना पड़ा, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली। महानगरपालिका के 11 वार्डों की सभी सीटों के नतीजे घोषित होने के साथ ही BJP ने यहां स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है।
चुनाव में औसतन 59.25 फीसद मतदान दर्ज किया गया था। इस चुनाव में कुल 2 लाख, 59 हजार, 985 मतदाताओं में से 1 लाख, 54 हजार, 45 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
11 में से 8 वार्डों में BJP का क्लीन स्वीप
वार्डवार नतीजों की बात की जाए तो, वार्ड नंबर 1, 3, 4, 5, 8, 9, 10 और 11 की सभी चारों सीटों पर BJP उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इन आठ वार्डों में पार्टी ने विपक्ष को कोई सीट नहीं मिलने दी।
वार्ड नंबर 2 में BJP ने चार में से तीन सीटें जीतीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई, यानी यहां भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला। वार्ड नंबर 7 में BJP को तीन और कांग्रेस को एक सीट मिली।
वार्ड नंबर 6 की सभी सीटें कांग्रेस की झोली में
पूरे चुनाव में वार्ड नंबर 6 का परिणाम सबसे अलग रहा। यहां कांग्रेस ने सभी चार सीटों पर जीत हासिल की और BJP को एक भी सीट नहीं मिली। हालांकि, BJP महानगरपालिका चुनाव जीत गई, लेकिन वार्ड नंबर 6 में मिली करारी हार उसके लिए सबक और कांग्रेस के लिए एक बूस्टर साबित हो सकती है। हालांकि, ये भी सच है कि वार्ड नंबर 6 में जीत के बावजूद कांग्रेस महानगरपालिका में अपनी सीटों की संख्या पांच तक ही पहुंचा सकी।
59.25 फीसद हुआ था मतदान
गांधीनगर महानगरपालिका की 44 सीटों के लिए हुए चुनाव में कुल 1 लाख, 54 हजार, 45 मतदाताओं ने मतदान किया था। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख, 59 हजार, 985 है। इस तरह महानगरपालिका चुनाव के दौरान 59.25 फीसद मतदान दर्ज किया गया।
अंतिम नतीजों में BJP ने 38 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया, जबकि कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों की कुल सीटें छह रहीं। वार्ड नंबर 6 में कांग्रेस की सभी सीटों पर जीत चुनाव के प्रमुख नतीजों में शामिल रही।
