टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की कप्तानी पर बोले लिट्टन दास, मेरी तरह...
- Agency by: Agency
- Updated Jan 21, 2026, 05:10 PM IST
बांग्लादेश के टी20 टीम के कप्तान लिट्टन दास ने टी20 विश्व कप 2026 में उनकी टीम की भागीदारी पर चुप्पी तोड़ी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?
लिट्टन दास (फोटो क्रेडिट Litton Das X)
ढाका: बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने कहा कि उन्हें नहीं पता है कि उनकी टीम अगले महीने टी20 विश्व कप खेलेगी या नहीं। बांग्लादेश ने बीसीसीआई के निर्देशों के बाद तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किये जाने के मद्देनजर सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत टीम भेजने से इनकार कर दिया है । बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के कारण दोनों देशों के राजनयिक संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं।
मेरी तरह पूरे बांग्लादेश को नहीं है कुछ पता
दास के हवाले से ‘ईएसपीएल क्रिकइन्फो’ ने लिखा,'अगर हमें पता होता कि विश्व कप में ग्रुप चरण में हमें किनसे खेलना है या किस देश में खेलना है तो काफी मदद मिलती। हमने टीम का ऐलान कर दिया है लेकिन किसी खिलाड़ी को नहीं पता कि किस देश में या किसके खिलाफ खेलना है । मेरी तरह पूरे बांग्लादेश को इस बारे में कुछ नहीं पता है।'
हमें पता नहीं है हम विश्व कप में जा रहे हैं या नहीं
बांग्लादेश ने उसके मैच श्रीलंका में कराने की मांग की है। इस बारे में पूछने पर दास ने कहा,'क्या आपको पक्का यकीन है कि हम विश्व कप खेल रहे हैं। विश्व कप में अभी समय है और हमें पता ही नहीं है कि हम जा रहे हैं या नहीं।'उन्होंने भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव पर किसी सवाल का जवाब नहीं दिया लेकिन कहा कि खिलाड़ी क्रिकेट बोर्ड के फैसले के साथ होंगे। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी का प्रस्ताव भी दिया है। इसपर बांग्लादेश की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए बांग्लादेश टीम (Bangladesh T20 World Cup 2026 Squad)
लिटन कुमार दास (कप्तान), तंजीद हसन, मोहम्मद परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफ हसन, एमडी तौहीद ह्रदय, एमडी शमीम हुसैन, काजी नूरुल हसन सोहन, शाक महेदी हसन, एमडी रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, एमडी मुस्तफिजुर रहमान, एमडी तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, एमडी शैफ उद्दीन, एमडी शोरीफुल इस्लाम।