टेक एंड गैजेट्स

UPI पर 15 अक्टूबर से नहीं लगेगा कोई चार्ज, जाने कब से लागू होगा नया नियम

पहले नए MDR नियमों को 15 अक्टूबर 2026 से लागू करने की बात कही गई थी। लेकिन व्यापारियों और पेमेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने इसे कुछ समय के लिए टालने की मांग की थी। अब इसके लिए नई तारीख का ऐलान कर दिया गया है।

Image

यूपीआई एमडीआर चार्ज की नई तारीख का हुआ ऐलान।

डिजिटल पेमेंट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को स्पष्ट किया कि UPI के जरिए होने वाले चुनिंदा मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) शुल्क दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। NPCI ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, इसे लागू करने की सटीक तारीख अलग से अधिसूचित की जाएगी।

NPCI के मुताबिक, UPI एंड सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने 13 अक्टूबर को हुई बैठक में चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) UPI ट्रांजैक्शन पर MDR लागू करने का फैसला लिया। यानी यह व्यवस्था उन लेनदेन से जुड़ी होगी, जिनमें ग्राहक UPI के जरिए किसी कारोबारी या व्यापारी को भुगतान करता है। फिलहाल NPCI ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन श्रेणियों के मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर यह शुल्क लागू होगा।

0.4% MDR का प्रस्ताव

सूत्रों के मुताबिक, इस व्यवस्था के तहत ₹2,000 से अधिक के चुनिंदा मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन पर 0.4 प्रतिशत MDR लगाने का प्रस्ताव था। इसे पहले 15 अक्टूबर से लागू किए जाने की चर्चा थी, लेकिन अब दिवाली के बाद लागू करने की तैयारी है। NPCI ने अपने आधिकारिक बयान में शुल्क की दर और ₹2,000 की सीमा की पुष्टि नहीं की है।

क्या है MDR शुल्क?

मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR वह शुल्क है, जो डिजिटल भुगतान को प्रोसेस करने के लिए कारोबारी से लिया जाता है। इस प्रस्ताव के लागू होने पर चुनिंदा मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर इसका असर पड़ सकता है। हालांकि, ग्राहकों पर इसका सीधा असर पड़ेगा या नहीं, यह अंतिम नियमों और शुल्क व्यवस्था पर निर्भर करेगा।

NPCI के आधिकारिक बयान में क्या कहा गया?

मुंबई से 13 अक्टूबर 2026 को जारी बयान में NPCI ने कहा कि त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन पर MDR दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। इसके लिए तारीख की घोषणा अलग से की जाएगी। फिलहाल इतना स्पष्ट है कि MDR लागू करने का फैसला चुनिंदा मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन के लिए लिया गया है। किन लेनदेन पर शुल्क लगेगा, इसकी दर क्या होगी और व्यवस्था किस तारीख से प्रभावी होगी इन सवालों पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article