क्रिकेट

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान के ऊपर गिरी दोहरी गाज, WTC पॉइन्ट्स टेबल में भी हुआ बड़ा नुकसान

बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर टेस्ट में 104 रन के अंतर से हार का सामना करने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ आईसीसी ने कड़ी कार्रवाई की है। मैच फीस में कटौती के अलावा उसके खाते में 8 डिमेरिट अंक भी जोड़े गए हैं।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ICC)

दुबई: पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के मीरपुर में खेले गए पहले मुकाबले में 104 रन के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा था। सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान के ऊपर सीरीज हार का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में सिलहट में 16 मई से खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के आगाज से पहले पाकिस्तान को करारा झटका आईसीसी ने दिया है।

पाकिस्तान के खिलाफ हुई कड़ी कार्रवाई

आईसीसी ने मीरपुर टेस्ट में पाकिस्तान द्वारा धीमी गति से गेंदबाजी करने पर कड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तानी टीम पर 40 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। उसके अलावा उनके खाते में आठ डिमेरिट अंक जोड़े गए हैं। पाकिस्तानी टीम निर्धारित समय में 8 ओवर पीछे रह गई थी। इसके बाद आईसीसी ने पाकिस्तानी टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

आठवें पायदान पर पहुंचा पाकिस्तान

आईसीसी की कार्रवाई का असर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में हुआ है। जहां पाकिस्तानी टीम सातवें पायदान से सीधे आठवें स्थान पर पहुंच गई है। पाकिस्तान के खाते में 3 टेस्ट में एक जीत, दो हार के साथ कुल 4 अंक शेष हैं। पाकिस्तान अब वेस्ट इंडीज से ही अंक तालिका में ऊपर है।

प्रति ओवर कटती है पांच प्रतिशत मैच फीस

आईसीसी की आचार संहिता की धारा 2.22 के अनुसार टेस्ट में प्रति ओवर स्लो ओवर रेट के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगता है। वहीं एक ओवर के लिए एक डिमेरिट अंक दिए जाते हैं। ऐसे में 8 ओवर स्लो गेंदबाजी करने के एवज में 40 प्रतिशत मैच फीस में कटौती हुई है। वहीं उसके खाते में 8 डिमेरिट अंक आए और उसका नुकसान उसे अंक तालिका में भी एक स्थान के रूप में हुआ है। इस नुकसान की भरपाई कर पाना पाकिस्तानी टीम के लिए मुश्किल काम होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article