क्रिकेट

अभिषेक शर्मा का खौफ! वेस्टइंडीज के स्प्रिंगर ने कहा- उसके सामने रक्षात्मक रुख अपनाना ही एकमात्र रास्ता

Shamar Springer On Abhishek Sharma: भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज में अभिषेक शर्मा जिस अंदाज में कैरेबियाई गेंदबाजों की गेंदबाजों की गेंदों को आसानी से खेल रहे हैं, उसको लेकर वेस्टइंडीज के ऑल-राउंडर शमार स्प्रिंगर ने एक ऐसा बयान दिया है कि इस भारतीय ओपनर का विरोधी टीम में कितना खौफ है।

Image

शमार स्प्रिंगर ने बताया अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी का कितना खौफ है (X/BCCI/Windiescricket)

IND vs WI T20I: वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर शमर स्प्रिंगर ने कहा कि उनकी टीम ने शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा के खिलाफ यथासंभव रक्षात्मक रवैया अपनाने का ’प्लान बी’ भी तैयार किया था लेकिन इस भारतीय सलामी बल्लेबाज ने शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाए जिससे उनकी टीम को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 14 रन से हार का सामना करना पड़ा।

अभिषेक ने 30 गेंद पर 69 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाकर अपना 14वां अर्धशतक पूरा किया और साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बने। स्प्रिंगर ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, "वह विश्वस्तरीय खिलाड़ी है और उसकी प्रशंसा करनी होगी। हमारा प्लान बी यही था कि हम उसके सामने जितना हो सके रक्षात्मक खेलें और उसे एक या दो रन बनाने के लिए मजबूर करें। हमने तय किया था कि हम उसके सामने ज्यादा जोखिम नहीं लेंगे।"

उन्होंने कहा, "हम बस इतनी कोशिश कर रहे थे कि उसे जितना संभव हो आक्रामक खेलने से रोका जाए। विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा था और आप वास्तव में अधिक नियंत्रण नहीं रख सकते। वह विश्व का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज है और इसलिए रक्षात्मक होने के अलावा आप वास्तव में कुछ खास नहीं कर सकते।"

स्प्रिंगर ने कहा कि वेस्टइंडीज को लगा था कि 224 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है और वे मैच को और भी रोमांचक बना सकते थे। स्प्रिंगर ने केवल 11 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हुआ क्योंकि वेस्टइंडीज सात विकेट पर 209 रन तक ही पहुंच पाया।

उन्होंने कहा, "भारतीय गेंदबाजों की तारीफ करनी होगी। उन्होंने वास्तव में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। हमने आखिर में उन्हें कुछ ज्यादा रन बनाने दिए। हमें लगा था कि विकेट थोड़ा बेहतर खेलेगा। गेंद हमारी उम्मीद से थोड़ी नीचे रही। साथ ही हमें लगा था कि दूसरी पारी में ओस होगी, लेकिन वास्तव में ओस नहीं थी। भारतीय गेंदबाजों ने विकेट का बेहतर इस्तेमाल किया।’’

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article